प्रविष्टि तिथि:
29 OCT 2026 5:35PM by PIB Lucknow
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत,बलरामपुर द्वारा दिनांक 29/10/2026 को हनुमान प्रसाद मेमोरियल कॉलेज में युवा संवाद का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में युवा नागरिकों और जनप्रतिनिधियों को एक साझा मंच पर लाया गया, ताकि लोकतांत्रिक जागरूकता को बढ़ावा दिया जा सके, सूचित एवं सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित किया जा सके तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया जा सके। कार्यक्रम में 500 से अधिक विद्यार्थी एवं युवा नागरिक शामिल हुए।

देशभर में आयोजित की जा रही विकसित भारत युवा संवाद पहल के अंतर्गत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल के तहत 26 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक 500 विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में मनीष चन्द्र चौधरी, मेरा युवा भारत बलरामपुर की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त सुदीप गुप्ता युवा जगत की प्रमुख हस्ती भी उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति से सार्वजनिक नेतृत्व, खेल उत्कृष्टता और युवाओं की आकांक्षाओं से जुड़े विविध दृष्टिकोण एक मंच पर आए।
हनुमान प्रसाद मेमोरियल कॉलेज में युवाओं को संबोधित करते हुए मनीष चन्द्र चौधरी ,जिला युवा अधिकारी ने कहा, कि अमृत पीढ़ी की भारत को 2047 तक विकसित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका होगी और इसी क्रम में भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में मतदान की ताकत का सही प्रयोग एक अभिन्न साधन है अतः यह महत्वपूर्ण हो जाता है कि भारत का युवा अपने मताधिकार को समझे और उसका सही इस्तेमाल करे यह भारत को लोकतांत्रिकता को बचाए रखने में अत्यंत आवश्यक हो जाता है।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों और सुदीप गुप्ता के बीच संवाद सत्र रहा। प्रतिभागियों ने शासन में युवाओं की भागीदारी, नागरिक कर्तव्यों तथा पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की भूमिका जैसे विषयों पर प्रश्न पूछे और अपने विचार साझा किए। विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए सुदीप गुप्ता ने कहा, “ भारत एक लोकतांत्रिक देश है जिसका अपना एक संविधान है और संविधान के अंतर्गत भारत के नागरिकों को वोटर रोल में पंजीकृत होने का अधिकार प्राप्त होता है और संवैधानिक प्रक्रिया के द्वारा ही भारत का चुनाव आयोग चुनाव संपन्न करता है ”।
कार्यक्रम का समापन लोकतांत्रिक शपथ के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों, जागरूक भागीदारी और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अंत में डा रजत वर्मा , प्रधानाचार्य हनुमान प्रसाद मेमोरियल कॉलेज के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।
युवा संवाद युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं के और निकट लाकर ऐसी पीढ़ी तैयार करने का प्रयास है, जो देश की प्रगति से केवल परिचित ही न हो, बल्कि उसमें सक्रिय योगदान भी दे। यह पहल राष्ट्र निर्माण के केंद्र में युवा शक्ति को स्थापित करती है और युवाओं को अपने विचारों, आकांक्षाओं तथा जिम्मेदारी की भावना को विकसित भारत@2047 के निर्माण में सार्थक योगदान में बदलने के लिए प्रेरित करती है।
****