प्रविष्टि तिथि:
29 OCT 2026 5:22PM by PIB Lucknow
शाहजहाँपुर। युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, जागरूकता एवं नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय, शाहजहाँपुर में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का आयोजन माहे आलम, उपनिदेशक, मेरा युवा भारत (MY Bharat), शाहजहाँपुर के नेतृत्व में किया गया।
_20261029172719_e8897b.jpeg)
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के आगमन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उपनिदेशक माहे आलम ने MY Bharat के उद्देश्यों एवं युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश के विकास में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। जागरूक युवा ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
_20261029172746_fef8d9.jpeg)
कार्यक्रम में युवा आइकन यश सिंह ने “विकसित भारत युवा संवाद: अपना वोट जानें” विषय पर प्रस्तुति देते हुए युवाओं को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक अधिकारों तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रमोद यादव, एनएसएस प्रमुख, स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय; आलोक कुमार, एनसीसी प्रमुख, स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय; दुर्विजय, विज्ञान विभाग के प्राध्यापक, स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय; तथा विनय सक्सेना, जिला परियोजना अधिकारी, नमामि गंगे उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने युवाओं को जागरूक नागरिक बनने, लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

युवा संवाद सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने जनप्रतिनिधि के साथ खुलकर बातचीत की तथा शिक्षा, रोजगार, विकास और युवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सवाल एवं सुझाव रखे। इसके बाद उपस्थित लोगों को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने तथा मतदान के महत्व को समझने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के समापन पर संस्थान की ओर से धन्यवाद ज्ञापन किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर सामूहिक फोटो, युवाओं के अनुभव कथन, वीडियो बाइट तथा MY Bharat पंजीकरण एवं सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता संबंधी गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक हर्ष पांडे, सृष्टि मिश्रा, जया मिश्रा, शैलेंद्र सिंह, सोनी गौतम, शिवनाथ त्रिपाठी, अमित कुमार, शिवेंद्र कुमार तिवारी, प्रांजल, हरिओम सिंह एवं अंश गुप्ता तथा एमटीएस देवेश कुमार एवं पीटीएस हिमांशु सक्सेना का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
*****