युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

देवरिया में ‘युवा संवाद–अपने मत को जानें’ कार्यक्रम आयोजित, 200 से अधिक युवाओं ने ली लोकतांत्रिक शपथ

युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक जिम्मेदारियों और शासन में सक्रिय भागीदारी के प्रति किया गया जागरूक

प्रविष्टि तिथि: 29 OCT 2026 4:17PM by PIB Lucknow

मेरा युवा भारत (माय भारत), देवरिया, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में बाबा राघव दास स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ‘युवा संवाद–अपने मत को जानें’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 200 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं युवा नागरिकों ने प्रतिभाग किया। इसका उद्देश्य युवाओं और जनप्रतिनिधियों को साझा मंच प्रदान कर लोकतांत्रिक जागरूकता को बढ़ावा देना, सजग नागरिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित करना था।

यह कार्यक्रम राष्ट्रव्यापी ‘विकसित भारत युवा संवाद’ पहल के अंतर्गत आयोजित किया गया, जो 26 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक देश के 500 विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में संचालित की जा रही है। कार्यक्रम में युवा आइकन श्री कृष्णानंद जायसवाल उपस्थित रहे। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के संबंध में अपने विचार साझा करते हुए युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला युवा अधिकारी श्री चन्द्रभूषण चौबे ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने युवाओं को माय भारत पोर्टल की जानकारी देते हुए इसके माध्यम से उपलब्ध अवसरों तथा युवा सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों और वक्ताओं के बीच संवादात्मक चर्चा रही। इस दौरान प्रतिभागियों ने शासन में युवाओं की भागीदारी, नागरिक जिम्मेदारियों तथा पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रश्न पूछे और अपने विचार व्यक्त किए। चर्चा के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भूमिका समझने तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम का समापन लोकतांत्रिक शपथ के साथ हुआ। शपथ के माध्यम से प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति निष्ठा, जागरूक नागरिक भागीदारी तथा जिम्मेदार नागरिकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पी.एन. सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विजय पाल एवं डॉ. अभिषेक तिवारी तथा माय भारत स्वयंसेवकों सत्यम, सौम्या, सुधीर, कुमकुम सहित अन्य स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

 

****


(रिलीज़ आईडी: 2330051) आगंतुक पटल : 15