प्रविष्टि तिथि:
28 OCT 2026 6:40PM by PIB Raipur
भिलाई इस्पात संयंत्र में कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग की पुनर्निर्मित बैटरी क्रमांक-8 से 28 अक्टूबर 2026 को पहली कोक पुशिंग सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इसके साथ ही बैटरी के पुनर्निर्माण के बाद कोक उत्पादन प्रक्रिया को पुनः प्रारंभ करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। यह कदम संयंत्र की कोक ओवन सुविधाओं के आधुनिकीकरण और पर्यावरण-अनुकूल उत्पादन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

प्रथम कोक पुशिंग के अवसर पर कार्यकारी निदेशक प्रभारी एवं कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री ए. के. चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) श्री पी. के. सरकार, कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री राकेश कुमार, कार्यपालक निदेशक (खदान) श्री कमल भास्कर, मुख्य महाप्रबंधक (कोक ओवन एवं कोल केमिकल) श्री तुलाराम बेहेरा तथा मुख्य महाप्रबंधक (परियोजनाएं) श्री सजीव वर्गीस सहित संयंत्र के अन्य मुख्य महाप्रबंधक और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

पुनर्निर्मित बैटरी क्रमांक-8 में पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा दक्षता और जल संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक तकनीकी उपाय शामिल किए गए हैं। गैस उत्सर्जन को न्यूनतम करने के उद्देश्य से जीरो-लीकेज डोर लगाए गए हैं। वहीं, गैस मिक्सिंग स्टेशन के माध्यम से ऊर्जा खपत के बेहतर प्रबंधन तथा न्यूमेटिक सील्ड कैप्स के उपयोग से जल की खपत को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
बैटरी क्रमांक-8 से पहली कोक पुशिंग की सफलता संयंत्र में औद्योगिक सुविधाओं के पुनर्निर्माण और आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप उत्पादन व्यवस्था को बढ़ावा देने, ऊर्जा एवं जल जैसे संसाधनों का अधिक दक्षतापूर्वक उपयोग करने तथा सतत औद्योगिक विकास के प्रयासों को गति मिलने की उम्मीद है।
******
आरडीजे/बीकेटी