प्रविष्टि तिथि:
26 OCT 2026 4:20PM by PIB Jaipur
भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई), पश्चिमी क्षेत्र, जयपुर में आज सतर्कता जागरुकता सप्ताह–2026 का शुभारंभ किया गया। यह सप्ताह 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” (Probity for Prosperity) विषय पर आयोजित किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता डॉ. शैबाल घोष, अपर महानिदेशक एवं विभागाध्यक्ष, जीएसआई, पश्चिमी क्षेत्र, जयपुर ने की। श्री मुकेश सिंह, क्षेत्रीय निदेशक, राष्ट्रीय उत्पादकता परिषद, जयपुर, कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। समारोह की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
स्वागत संबोधन में सतर्कता अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय सतर्कता आयोग, नई दिल्ली एवं जीएसआई के केंद्रीय मुख्यालय, कोलकाता के दिशा-निर्देशों के अनुसार 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक तीन माह का निवारक सतर्कता अभियान भी संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कार्यालयीन कार्यप्रणाली में नैतिकता, पारदर्शिता, जवाबदेही और निवारक सतर्कता को सुदृढ़ करना है।
सप्ताह के अंतर्गत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए जागरुकता गतिविधियाँ तथा प्रश्नोत्तरी और चित्र-पहचान जैसी सहभागितापूर्ण प्रतियोगिताएँ प्रस्तावित हैं। यह आयोजन 31 अक्टूबर को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस और भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर से भी जुड़ा है।
समारोह में जीएसआई, पश्चिमी क्षेत्र एवं भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण इकाई, राजस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों तथा अन्य प्रतिभागियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के माध्यम से सार्वजनिक सेवा में सत्यनिष्ठा एवं उत्तरदायित्व के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।



