वित्‍त मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सीबीडीटी स्वच्छता को संस्थागत रूप देने और प्रशासनिक कार्यक्षमता बेहतर करने के लिए विशेष अभियान 6 का सक्रिय रूप से कार्यान्वयन कर रहा है

प्रविष्टि तिथि: 22 OCT 2026 6:14PM by PIB Delhi

केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) स्वच्छता के लिए विशेष अभियान 6 को सक्रिय रूप से कार्यान्वित कर रहा है, जिसका उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता बढ़ाना और सार्वजनिक शिकायतों तथा सांसद/ प्रधानमंत्री कार्यालय/ राज्य सरकार के संदर्भों सहित लंबित मामलों का समाधान करना है। डीएआरपीजी के दिशानिर्देशों के अनुसार, इस अभियान को पूरे देश में जमीनी स्तर पर कार्यरत इकाइयों द्वारा उत्साहपूर्वक कार्यान्वित किया जा रहा है।

इस अभियान की शुरुआत तैयारी चरण (15-30 सितंबर, 2026) से हुई, जिसमें प्रमुख लक्ष्यों की पहचान की गई, इसके बाद कार्यान्वयन चरण (2-31 अक्टूबर, 2026) शुरू हुआ। देश भर के आयकर कार्यालयों ने इसमें सक्रिय भागीदारी दिखाई है, और कार्यस्थल की कार्यकुशलता बढ़ाने, स्थिरता को प्रोत्साहन देने और शिकायतों का समय पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यान्वयन चरण के शुरुआती दो सप्ताह में ही अभियान ने उल्लेखनीय परिणाम दिए हैं:

  • पूरे भारत में 1200 से अधिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाए गए।
  • ई-कचरे सहित कचरे का सफल निपटान राजस्व निर्माण में योगदान देने के साथ-साथ जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण के अनुकूल प्रथाओं को प्रोत्साहन देता है।
  • 14,000 से अधिक अनावश्यक फाइलों को हटाया गया।
  • लगभग 55,000 वर्ग फुट जगह खाली की गई।
  • अभियान के शुरुआती दो सप्ताह में 13,000 से अधिक जन शिकायतों का समाधान किया गया।

ये परिणाम स्वच्छता प्रथाओं को अपनाने, लेखा प्रबंधन को बेहतर बनाने और डिजिटलीकरण तथा ई-कचरे के जिम्मेदार निपटान को प्रोत्साहन देने के प्रति विभाग की दृढ़ प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हैं। सीबीडीटी नोडल अधिकारी प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्रीय समकक्षों के साथ समन्वय में काम कर रहे हैं, और दैनिक प्रगति अपडेट डीएआरपीजी की ओर से संचालित एससीडीपीएम पोर्टल पर अपलोड किए जा रहे हैं।

जनभागीदारी बढ़ाने के लिए, सीबीडीटी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर 150 से अधिक पोस्ट किए हैं, जिनमें उपलब्धियों, सर्वोत्तम प्रथाओं और नागरिक-केंद्रित प्रयासों को उजागर किया गया है। इस अभियान को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर व्यापक तौर पर प्रचारित किया जा रहा है, जो पारदर्शिता, सहभागिता और सुशासन पर विभाग के केंद्रित होने को सुदृढ़ करता है।

इस अभियान के दौरान विभाग ने कई पहलें की हैं, जिनमें से कुछ इस प्रकार हैं:

  1. पश्चिम बंगाल, सिक्किम और गुजरात क्षेत्रों में आयकर विभाग की ओर से नागरिक केंद्रित पहल

विशेष अभियान 6 के अंतर्गत, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और गुजरात के आयकर विभाग ने कोलकाता के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सेंट जॉन चर्च, कलिम्पोंग स्थित कमुद्दीन होम्स हायर सेकेंडरी स्कूल, दार्जिलिंग स्थित म्युनिसिपल गर्ल्स हाई स्कूल, तीर्थस्थल मेहसाना, अहमदाबाद स्थित वस्त्रपुर रेलवे स्टेशन आदि के साथ-साथ गांधीनगर और अहमदाबाद के आयकर कार्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाया। इस पहल ने स्वच्छता और निरंतर विकास के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ किया।

  1. कोलकाता में 'कचरे से कला' प्रदर्शनी में रचनात्मकता और स्थिरता की प्रदर्शनी

पश्चिम बंगाल और सिक्किम के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त कार्यालय ने 1 अक्टूबर 2026 से 6 अक्टूबर 2026 तक ओइकोतान रूफटॉप, आयकर भवन एनेक्स, कोलकाता में 'कचरे से कला' प्रदर्शनी का आयोजन किया। इस प्रदर्शनी में घरेलू इस्तेमाल की बेकार वस्तुओं से निर्मित अभिनव कलाकृतियां प्रदर्शित की गईं। इस्तेमाल की गई प्लास्टिक की बोतलों, डिब्बों, कंटेनरों और अन्य कबाड़ सामग्री को मानव आकृतियों, जानवरों की प्रतिकृतियों, गमलों और सजावटी वस्तुओं के आकर्षक चित्रों में रूपांतरित किया गया। इसके साथ ही एक फोटोग्राफी गैलरी भी बनाई गई। इस पहल ने कलात्मक रचनात्मकता को पर्यावरण जागरूकता के साथ खूबसूरती से जोड़ा और कचरे से धन और निरंतर जीवन शैली का संदेश दिया।

  1. दिल्ली में स्थान अनुकूलन और कार्यालय सौंदर्यीकरण

दिल्ली स्थित आयकर महानिदेशक (अन्वेषण) कार्यालय ने एक अनुपयोगी भूमि को 'लघु पुस्तकालय' में बदल दिया है। यह एक छोटा पुस्तकालय है जिसमें पढ़ने के लिए कमरा, पुस्तकों की अलमारियां, उपयुक्त प्रकाश व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था और आंतरिक पौधे हैं। इस पहल से जगह का अधिकतम इस्तेमाल होता है और पढ़ने तथा कर्मचारियों के कल्याण के लिए अनुकूल वातावरण प्राप्त होता है।

 

  1. ई-कचरे का प्रबंधन

विशेष अभियान 6 के अंतर्गत, कोलकाता, चेन्नई और भुवनेश्वर स्थित आयकर कार्यालयों ने कार्यालय परिसर में मौजूद ई-कचरे के उचित निपटान के लिए पहल की, जिससे पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा मिला और छोड़े गए इलेक्ट्रॉनिक सामानों का व्यवस्थित निपटान सुनिश्चित हुआ।

 

 

ई-कचरा संग्रहण [आयकर भवन, चेन्नई और भुवनेश्वर]

          

  1. आयकर भवन दक्षिण, कोलकाता में स्वच्छता अभियान एवं हरित पहल        

कोलकाता स्थित आयकर मुख्य आयुक्त कार्यालय-2 ने साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण के माध्यम से एक उबड़-खाबड़ बगीचे का जीर्णोद्धार किया, जिसमें फव्वारे, सजावटी दीपक स्तंभ और गमलों में लगे पौधे शामिल किए गए, जिससे अधिकारियों, कर्मचारियों और आगंतुकों के लिए एक सुव्यवस्थित हरित स्थान बनाया जा सके। इस पहल ने कार्यस्थल को अधिक हरित बनाने को प्रोत्साहन दिया और स्वच्छता एवं स्थिरता के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ किया।

आयकर विभाग ने सितंबर 2026 के दौरान 'स्वच्छता ही सेवा' (एसएचएस) अभियान में भी सक्रिय तौर पर भाग लिया। प्रमुख पहलों में स्वच्छता की शपथ, निरंतर अपशिष्ट प्रबंधन, सफाई मित्रों के लिए चिकित्सा शिविर, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों की सफाई, 'स्वच्छता ज्ञान यात्रा' के माध्यम से स्कूली छात्रों और युवाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और साथ ही राष्ट्रव्यापी श्रमदान - 'एक दिन एक घंटा एक साथ' में सक्रिय रूप से भाग लेना शामिल था।

विशेष अभियान 6 के अंतर्गत सीबीडीटी की ओर से शुरू की गई पहल स्वच्छता, दक्षता और नागरिक-केंद्रित शासन के प्रति इसकी प्रतिबद्धता को दोहराती है। नवाचार, सक्रिय भागीदारी और संपोषित प्रथाओं के माध्यम से, विभाग स्वच्छ, कुशल और प्रौद्योगिकी-सक्षम प्रशासन की परिकल्पना को आगे बढ़ा रहा है, यह सुनिश्चित करते हुए कि स्वच्छता की भावना सभी क्षेत्रों में साल भर जारी रहे।

***

पीके/केसी/आरटी/एमएम


(रिलीज़ आईडी: 2326917) आगंतुक पटल : 48
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu