इस्‍पात मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भिलाई इस्पात संयंत्र ने 129 टन वजनी हुड असेंबली का किया सफल प्रतिस्थापन

स्टील मेल्टिंग शॉप-3 में पहली बार 52.5 मीटर लंबी हुड असेंबली बदली गई; तकनीकी दक्षता और अंतरविभागीय समन्वय का प्रदर्शन

चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पूरा हुआ कार्य, गैस कूलिंग सिस्टम की विश्वसनीयता और परिचालन सुरक्षा होगी मजबूत

प्रविष्टि तिथि: 14 OCT 2026 6:32PM by PIB Raipur

भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के स्टील मेल्टिंग शॉप-3 (एसएमएस-3) ने एक महत्वपूर्ण तकनीकी उपलब्धि हासिल करते हुए कन्वर्टर-1 के गैस कूलिंग सिस्टम की 129 टन वजनी और 52.5 मीटर लंबी हुड असेंबली का पहली बार पूर्ण प्रतिस्थापन किया है। सीमित कार्यस्थल, इलेक्ट्रिक ओवरहेड ट्रैवलिंग (ईओटी) क्रेन की अनुपलब्धता और चुनौतीपूर्ण परिचालन परिस्थितियों के बीच संपन्न हुआ यह कार्य संयंत्र की तकनीकी क्षमता, सुनियोजित कार्ययोजना, सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता और विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय का उदाहरण है।

इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (मैकेनिकल एवं यूटिलिटीज) विजय कुमार बेहरा तथा मुख्य महाप्रबंधक (स्टील मेल्टिंग शॉप-3) त्रिभुवन बैठा सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्य में योगदान देने वाले कर्मियों की सराहना की। अधिकारियों ने कठिन परिस्थितियों में कार्य निष्पादन, तकनीकी दक्षता, अनुशासन, टीम भावना और सुरक्षा मानकों के पालन को इस सफलता का प्रमुख आधार बताया। हुड असेंबली के प्रतिस्थापन में विशिष्ट योगदान देने वाले सहयोगी संस्थानों के कर्मियों को प्रमाण-पत्र और स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कन्वर्टर-1 के गैस कूलिंग सिस्टम में मूवेबल हुड, फिक्स्ड हुड के दो भाग तथा डिफ्लेक्शन बेंड के दो भाग शामिल हैं। उच्च तापमान वाली गैसों, अपघर्षक कणों और लगातार पड़ने वाले तापीय दबाव के कारण हुड की ट्यूबों में अत्यधिक घिसाव, मोटाई में कमी, दरारें और बार-बार जल रिसाव जैसी समस्याएं उत्पन्न हो रही थीं। इन समस्याओं के स्थायी समाधान तथा उपकरणों की विश्वसनीयता और परिचालन सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से संपूर्ण हुड असेंबली को बदला गया।

इस प्रतिस्थापन से गैस कूलिंग सिस्टम की विश्वसनीयता और उपलब्धता में सुधार होने के साथ परिचालन सुरक्षा मजबूत होने की उम्मीद है। साथ ही, जल रिसाव से उत्पन्न संभावित जोखिमों और उत्पादन संबंधी व्यवधानों को कम करने में भी मदद मिलेगी।

मुख्य महाप्रबंधक त्रिभुवन बैठा के मार्गदर्शन में मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, ऑपरेशन, इंस्ट्रूमेंटेशन और सुरक्षा विभागों की टीमों ने सतत निगरानी एवं बेहतर समन्वय के साथ इस चुनौतीपूर्ण कार्य को पूरा किया। इस दौरान महाप्रबंधक (मैकेनिकल), स्टील मेल्टिंग शॉप-3, अजीत नारायण तथा उप महाप्रबंधक (मैकेनिकल), बेसिक ऑक्सीजन फर्नेस (बीओएफ), राकेश वृष्णवंशी और उनकी टीम का योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा।

हुड असेंबली को हटाने, नई असेंबली स्थापित करने, उसका सटीक संरेखण करने और वेल्डिंग संबंधी कार्यों को निर्धारित योजना के अनुसार पूरा किया गया। इसके लिए चौबीसों घंटे मानव संसाधनों की तैनाती की गई और संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखा गया। पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष ध्यान दिया गया।

कन्वर्टर-1 की हुड असेंबली का सफल प्रतिस्थापन भिलाई इस्पात संयंत्र की तकनीकी दक्षता, सामूहिक कार्य संस्कृति और सुरक्षित परिचालन व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। इस उपलब्धि में संयंत्र के विभिन्न विभागों तथा सहयोगी एजेंसियों के कर्मियों के समन्वित प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

*****

आरडीजे/बीकेटी


(रिलीज़ आईडी: 2323475) आगंतुक पटल : 12
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English