इस्‍पात मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

स्वच्छता ही सेवा अभियान अंतर्गत ग्राम पोटिया के प्राथमिक शाला में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

नंदिनी माइंस ने विद्यार्थियों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति किया जागरूक

प्रविष्टि तिथि: 13 OCT 2026 6:30PM by PIB Raipur

भिलाई इस्पात संयंत्र की नंदिनी माइंस द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत दुर्ग जिले की धमधा तहसील के ग्राम पोटिया स्थित प्राथमिक शाला में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराना तथा दैनिक जीवन में स्वच्छता संबंधी अच्छी आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को स्वच्छ परिवेश के महत्व, कचरे के उचित निपटान और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। बच्चों को अपने घर, विद्यालय तथा आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। साथ ही, स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में व्यक्तिगत जिम्मेदारी और सामूहिक सहभागिता के महत्व पर जोर दिया गया।

स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यालय में झाड़ू, कूड़ेदान और सूपली का वितरण भी किया गया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने तथा उन्हें अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए सक्रिय रूप से प्रेरित करने का प्रयास किया गया।

 

कार्यक्रम का आयोजन मुख्य महाप्रबंधक (राजहरा) श्री सी. श्रीकांत के नेतृत्व में तथा उप महाप्रबंधक (राजहरा) श्री संतोष कुमार खांडे, प्रशिक्षण अधिकारी श्री अजय कुमार चतुर्वेदी और सुरक्षा एवं पर्यावरण अधिकारी तथा सहायक महाप्रबंधक (नंदिनी) श्री अलंकार भिवगड़े के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर श्री अरविन्द प्रताप, श्री एस. बी. यादव, ग्राम पंचायत पोटिया-देवरझाल के सरपंच श्री नारायण निषाद, विद्यालय की प्रधान शिक्षिका और अन्य सहायक शिक्षक उपस्थित रहे।

 

भिलाई इस्पात संयंत्र की नंदिनी माइंस की यह पहल स्वच्छता ही सेवा अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता की आदतों को प्रोत्साहित करने और सामुदायिक सहभागिता के जरिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है।

 

*****

 

आरडीजे/बीकेटी


(रिलीज़ आईडी: 2322928) आगंतुक पटल : 6
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English