सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय ने अपने कार्यालयों में स्वच्छता को नियमित कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाना और लंबित मामलों को कम करने के लक्ष्यों को हासिल करने हेतु “विशेष अभियान 6.0” शुरू किया
मंत्रालय प्रभावी ई-कचरा प्रबंधन, स्वच्छता, स्थान प्रबंधन और लंबित मामलों के निपटारे पर ध्यान केंद्रित कर रहा है
प्रविष्टि तिथि:
07 OCT 2026 7:50PM by PIB Delhi
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) ने 'विशेष अभियान 6.0' शुरू किया है। यह अभियान 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य अपने कार्यालयों में स्वच्छता को नियमित कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाना और लंबित मामलों को कम करना है।
इस अभियान में ई-कचरे के प्रभावी संग्रहण, पृथक्करण और निपटान के साथ-साथ स्वच्छता, स्थान का प्रबंधन, कार्यालय परिसर के सौंदर्यीकरण, कबाड़ और बेकार सामान को हटाना, रिकॉर्ड का प्रबंधन तथा लंबित संदर्भों और अन्य मामलों के निपटारे पर विशेष जोर दिया गया है।
मंत्रालय ने विशेष अभियान 6.0 के उद्देश्यों, समय-सीमा और मानदंडों के बारे में जागरूकता फैलाने तथा अभियान की एक समन्वित कार्य योजना तैयार करने हेतु 17 सितंबर, 2026 को एक तैयारी संबंधी बैठक का आयोजन किया। मंत्रालय और इसके अधीनस्थ संगठनों ने निम्नलिखित गतिविधियां शुरू की हैं, जिनमें शामिल है:
- ई-कचरे की पहचान: निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार निपटान हेतु परिसर में रखा गया।
- स्वच्छता और स्थान का प्रबंधन: स्वच्छता अभियान के लिए स्थलों की पहचान की जाती है और स्थान के प्रबंधन, कार्यालय परिसर के सौंदर्यीकरण और कबाड़ व बेकार सामान को हटाने की योजना बनाई जाती है।
- लंबित मामलों का निपटारा: लंबित संदर्भों, लोक शिकायतों, अपीलों और संसदीय आश्वासनों का निपटारा किया जा रहा है।
- लक्ष्य निर्धारण और कार्य योजना: मंत्रालय के नोडल अधिकारियों और प्रभागों/अनुभागों ने अभियान के कार्यान्वयन के लिए लक्ष्य और व्यापक कार्य योजनाएं निर्धारित की हैं।
मंत्रालय ने अपने अधीनस्थ संगठनों को इस अभियान को समन्वय के साथ कार्यान्वित करने के लिए जागरूक किया है। इसमें खास तौर पर उन फील्ड ऑफिस पर ज़ोर दिया गया है जो सेवाएं प्रदान करने और जनता से सीधे जुड़ने का काम करते हैं। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय स्वच्छता, लंबित मामलों के कुशल निपटारे और कार्यस्थल पर बेहतर माहौल बनाने के लिए लगातार प्रयास करते हुए 'विशेष अभियान 6.0' के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
|

विशेष अभियान 6.0 की तैयारी के लिए सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय और अधीनस्थ संगठनों के अधिकारियों के साथ एक हाइब्रिड मीटिंग की गई।
|

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, कर्तव्य भवन-3, नई दिल्ली में विशेष अभियान 6.0 के लिए स्टैंडीज लगाई गईं।
|
***
पीके/केसी/आरटी/एसके / डीए
(रिलीज़ आईडी: 2320497)
आगंतुक पटल : 59