सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय का सेतु एनएसपी ऐप विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति तक पहुंच को सुगम बनाता है
मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से पंजीकरण, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, आवेदन जमा करने और आवेदन की स्थिति की निगरानी सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध
प्रविष्टि तिथि:
01 OCT 2026 5:49PM by PIB Delhi
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत अनुसूचित जातियों और अन्य पिछड़ा वर्गों के लिए प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के पात्र लाभार्थियों के लिए स्कॉलरशिप फॉर एजुकेशन ट्रांसफॉर्मेशन एंड अपलिफ्टमेंट (सेतु) राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (एनएसपी) ऐप एक समर्पित मोबाइल एप्लीकेशन है। यह ऐप छात्रवृत्ति सेवाओं को अधिक सुलभ, सुविधाजनक और विद्यार्थी-अनुकूल बनाने के लिए छात्रवृत्ति से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराता है।
मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग ने इस वर्ष अप्रैल में सेतु एनएसपी ऐप की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि सेतु एनएसपी ऐप को एक सरल, सुरक्षित और पारदर्शी डिजिटल मंच के रूप में विकसित किया गया है, जो विद्यार्थियों को एक ही इंटरफेस के माध्यम से विभिन्न छात्रवृत्ति सेवाओं तक सुविधाजनक पहुंच प्रदान करता है।
अधिकारी ने बताया कि इस एप्लीकेशन को प्रक्रियागत कठिनाइयों को कम करने और विद्यार्थियों को विभिन्न छात्रवृत्ति संबंधी कार्यों को पूरा करने में सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है, ताकि उन्हें कई अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर जाने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने कहा कि सेतु एनएसपी ऐप के माध्यम से पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए पंजीकरण कर सकते हैं, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण पूरा कर सकते हैं, छात्रवृत्ति आवेदन जमा कर सकते हैं और अपने आवेदन की स्थिति पर नजर रख सकते हैं। यह एप्लीकेशन उपयोगकर्ता मार्गदर्शिका और सहायता सेवाएं भी उपलब्ध कराता है, जिससे विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया के दौरान आवश्यक जानकारी और सहायता प्राप्त हो सके।
अधिकारी ने बताया कि यह एप्लीकेशन छात्रवृत्ति से जुड़े प्रमुख हितधारकों, संस्थान नोडल अधिकारी, जिला नोडल अधिकारी और राज्य नोडल अधिकारी के लिए डिजिटल सेवाएं भी उपलब्ध कराता है। इन सुविधाओं का उद्देश्य विभिन्न स्तरों पर छात्रवृत्ति आवेदनों की प्रक्रिया, निगरानी और प्रबंधन में सहायता प्रदान करना है, जिससे छात्रवृत्ति वितरण की समग्र व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जा सके।

सेतु एनएसपी ऐप की शुरुआत विभाग द्वारा सार्वजनिक सेवाओं के वितरण में सुधार के लिए डिजिटल प्रौद्योगिकी और नागरिक-केंद्रित समाधानों का उपयोग करने के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है। मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से छात्रवृत्ति से संबंधित आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराकर इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाना तथा सूचना और आवेदन संबंधी सेवाओं तक उनकी पहुंच को बेहतर बनाना है। मोबाइल प्लेटफॉर्म पर इन सेवाओं की उपलब्धता से विद्यार्थी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त करने, आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने और अपने आवेदनों की स्थिति की निगरानी अधिक सुविधाजनक तरीके से कर सकेंगे।
सेतु एनएसपी ऐप छात्रवृत्ति योजनाओं के प्रशासन में पारदर्शिता, सुगम पहुंच और दक्षता पर विभाग के विशेष जोर को भी सुदृढ़ करता है। आवेदन प्रक्रिया और आवेदन की स्थिति की निगरानी संबंधी सेवाओं की डिजिटल उपलब्धता से विद्यार्थियों को अपने आवेदनों की प्रगति की जानकारी तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित मार्गदर्शन प्राप्त करने में सुविधा होगी।
मंत्रालय प्रौद्योगिकी-सक्षम समाधानों के माध्यम से प्रक्रियाओं को सरल बनाने तथा कल्याणकारी एवं छात्रवृत्ति संबंधी लाभों के प्रभावी वितरण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास कर रहा है। सेतु एनएसपी ऐप की शुरुआत अधिक सुलभ, दक्ष, पारदर्शी और विद्यार्थी-केंद्रित छात्रवृत्ति व्यवस्था की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।
मंत्रालय छात्रवृत्ति संबंधी प्रक्रियाओं को सरल बनाने, पारदर्शिता बढ़ाने तथा पात्र विद्यार्थियों को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से लाभ पहुंचाने के लिए नवोन्मेषी और प्रौद्योगिकी-आधारित समाधानों को अपनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
सेतु एनएसपी ऐप निम्नलिखित प्लेटफॉर्म पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध है:
Google Play Store:
Download SETU NSP App on Google Play Store
Apple App Store:
Download SETU NSP App on Apple App Store
*******
पीके/केसी/आरटी/जेके/पीके
(रिलीज़ आईडी: 2317896)
आगंतुक पटल : 34