सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्‍वयन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

निजी कॉरपोरेट क्षेत्र के पूंजीगत व्यय निवेश इरादों पर भविष्यदर्शी सर्वेक्षण


(सर्वेक्षण अवधि: अक्तूबर–दिसंबर 2026)

प्रविष्टि तिथि: 01 OCT 2026 4:00PM by PIB Delhi

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ), सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई), भारत सरकार, अक्‍तूबर से दिसंबर 2026 की अवधि के दौरान  निजी कॉरपोरेट क्षेत्र के पूंजीगत व्यय निवेश इरादों पर भविष्यदर्शी सर्वेक्षण (कैपेक्स 2026) आयोजित कर रहा है। इस सर्वेक्षण का उद्देश्य बड़े निजी कॉरपोरेट क्षेत्र के उद्यमों द्वारा किए गए और नियोजित पूंजीगत व्यय के बारे में व्यापक और समयबद्ध जानकारी तैयार करना है, जिससे भारतीय अर्थव्यवस्था में उभरते निवेश रुझानों को समझने के लिए महत्वपूर्ण इनपुट प्राप्त हो सकें।

1. उद्देश्य, कवरेज और डेटा संग्रहण की पद्धति

कैपेक्स सर्वेक्षण का प्राथमिक उद्देश्य हाल के वित्तीय वर्षों में किए गए पूंजीगत व्यय, वर्तमान वित्तीय वर्ष में किए गए अनंतिम पूंजीगत व्यय और आगामी वित्तीय वर्ष के लिए निवेश इरादों से संबंधित जानकारी एकत्र करना है। इस जानकारी में विभिन्न परिसंपत्ति समूहों और उद्योगों में किए गए पूंजीगत व्यय के साथ-साथ निवेश रणनीति, उद्देश्यों, वित्तपोषण के स्रोतों आदि से संबंधित पहलू शामिल हैं।

सर्वेक्षण में अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित बड़े निजी कॉरपोरेट क्षेत्र के उद्यमों को शामिल किया गया है। सर्वेक्षण का फ्रेम कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय (एमसीए) के साथ पंजीकृत सक्रिय उद्यमों से संबंधित जानकारी का उपयोग करके तैयार किया जाता है, जो निर्धारित पात्रता और टर्नओवर संबंधी मानदंडों के अधीन है। सर्वेक्षण सांख्यिकी संग्रहण अधिनियम, 2008 के प्रावधानों के तहत आयोजित किया जाता है।

डेटा समर्पित और सुरक्षित वेब पोर्टल के माध्यम से एकत्र किया जाता है, जिससे उद्यम अपने उत्तरों को स्वयं संकलित कर ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। पोर्टल पर प्रश्नावली, अवधारणाओं और परिभाषाओं को समझने में उत्तरदाताओं की सहायता के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वर्तमान सर्वेक्षण में सहायक डिजिटल संसाधन भी उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें पोर्टल के उपयोग और स्वयं जानकारी प्रस्तुत करने के लिए एक निर्देश पुस्तिका और वीडियो मार्गदर्शिका शामिल हैं।

2. पूर्ववर्ती कैपेक्स सर्वेक्षण – प्रमुख निष्कर्ष और परिणाम

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) ने नवंबर 2024 से जनवरी 2025 के दौरान निजी क्षेत्र के पूंजीगत व्यय निवेश इरादों पर पहला भविष्यदर्शी सर्वेक्षण (कैपेक्स 2024) आयोजित किया।

पहले कैपेक्स सर्वेक्षण के परिणामों से पता चलता है कि वर्ष 2024-25 के दौरान प्रमुख गतिविधि श्रेणियों में ‘विनिर्माण’ का कुल व्यय में सबसे बड़ा हिस्सा (43.80%) रहा। इसके बाद ‘सूचना और संचार’ (15.60%) तथा ‘परिवहन और भंडारण’ (14.00%) का स्थान रहा।

 

कैपेक्स सर्वेक्षण के विस्तृत परिणाम एमओएसपीआई द्वारा प्रकाशित कैपेक्स 2024 पुस्तिका में उपलब्ध हैं:

कैपेक्स 2024 – निजी क्षेत्र के कैपेक्स निवेश इरादों पर भविष्यदर्शी सर्वेक्षण के निष्कर्षों पर पुस्तिका

दूसरा कैपेक्स सर्वेक्षण अक्‍तूबर–दिसंबर 2025 के दौरान आयोजित किया गया था। इस नवीनतम कैपेक्स सर्वेक्षण (कैपेक्स 2025) के निष्कर्षों से संकेत मिलता है कि वर्ष 2025-26 में प्रमुख गतिविधि श्रेणियों के तहत अनंतिम कुल पूंजीगत व्यय में ‘विनिर्माण’ का हिस्सा सबसे अधिक 50.17 प्रतिशत रहा, जो 5,73,900 करोड़ रुपये है। इसके बाद ‘सूचना और संचार’ (16.38 प्रतिशत; 1,87,395 करोड़ रुपये), ‘विद्युत, गैस, भाप और वातानुकूलित वायु की आपूर्ति’ (8.96 प्रतिशत; 1,02,448 करोड़ रुपये) तथा ‘परिवहन और भंडारण’ (5.55 प्रतिशत; 63,517 करोड़ रुपये) का स्थान रहा।

प्रस्तावित कैपेक्स आवंटन के स्तर के संदर्भ में, लगभग 21.16 प्रतिशत उद्यमों ने अपने कुल कैपेक्स का 80 प्रतिशत से अधिक रोबोटिक्स में निवेश करने की योजना बनाई, जबकि लगभग 78.84 प्रतिशत उद्यमों ने बताया कि उनके कुल कैपेक्स का 20 प्रतिशत से कम हिस्सा रोबोटिक्स निवेश के लिए आवंटित किया जाएगा।

नवीनतम कैपेक्स 2025 सर्वेक्षण (2025-26) से प्राप्त अनुमानों के अनुसार, उद्यमों के पैनल द्वारा वर्ष 2024-25 के दौरान किया गया वास्तविक कैपेक्स प्रति उद्यम 173.5 करोड़ रुपये रहा, जिसके परिणामस्वरूप समग्र प्राप्ति अनुपात (आरआर) 96.3 प्रतिशत रहा। यह दर्शाता है कि समग्र स्तर पर वास्तविक व्यय निवेश इरादों के अनुरूप रहा।

कैपेक्स सर्वेक्षण-2025 के माध्यम से एकत्र किए गए आंकड़ों के आधार पर, 3,819 उद्यमों के एक निश्चित पैनल द्वारा वर्ष 2024-25, 2025-26 और 2026-27 के लिए रिपोर्ट किए गए समेकित कैपेक्स आंकड़े (करोड़ रुपये में) वर्ष 2024-25 में इन उद्यमों द्वारा रिपोर्ट किए गए वास्तविक कैपेक्स की तुलना में 1.9 प्रतिशत की मामूली वृद्धि दर्शाते हैं। इसे नीचे दिए गए ग्राफ में दर्शाया गया है:

समेकित कैपेक्स पर पैनल के अनुमान (करोड़ रुपये में)

कैपेक्स सर्वेक्षण के विस्तृत परिणाम एमओएसपीआई द्वारा प्रकाशित कैपेक्स 2025 पुस्तिका में उपलब्ध हैं:

 कैपेक्स 2025 – भविष्यदर्शी सर्वेक्षण के निष्कर्षों पर पुस्तिका

3. कैपेक्स 2026 का शुभारंभ

पूर्ववर्ती दो कैपेक्स सर्वेक्षण दौरों के अनुभव और परिणामों के आधार पर, अक्‍तूबर 2026 में एनएसओ निजी कॉरपोरेट क्षेत्र की निवेश गतिविधियों और भविष्य के निवेश इरादों से संबंधित जानकारी की समय पर उपलब्धता को और सुदृढ़ करने के लिए तीसरे कैपेक्स सर्वेक्षण का शुभारंभ कर रहा है।

4. कैपेक्स 2026 की प्रमुख विशेषताएं

वर्तमान सर्वेक्षण में एकत्र की गई जानकारी की गुणवत्ता, प्रासंगिकता और उपयोगिता में सुधार के साथ-साथ जानकारी प्रस्तुत करने के लिए पोर्टल के उपयोगकर्ता इंटरफेस को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कई विशेषताओं को शामिल किया गया है।

सर्वेक्षण में जानकारी की व्यापक कवरेज:

  • पिछले, वर्तमान और भविष्य के पूंजीगत व्यय से संबंधित जानकारी का संग्रहण
  • विभिन्न परिसंपत्ति समूहों और उद्योग क्षेत्रों में कैपेक्स से संबंधित जानकारी
  • निवेश इरादों और निवेश रणनीतियों से संबंधित जानकारी
  • हरित ऊर्जा और रोबोटिक्स में निवेश
  • निवेश के उद्देश्यों से संबंधित जानकारी, जिसमें क्षमता विस्तार/उन्नयन तथा निवेश के अन्य उद्देश्य शामिल हैं
  • कैपेक्स के वित्तपोषण के स्रोतों से संबंधित जानकारी

वेब-पोर्टल की विशेषताएं:

  • सुरक्षित, समर्पित वेब पोर्टल के माध्यम से संग्रहण
  • पोर्टल के उपयोग और रिपोर्टिंग को सुगम बनाने के लिए निर्देश पुस्तिका, वीडियो मार्गदर्शिका और एआई चैटबॉट के माध्यम से डिजिटल सहायता
  • द्विभाषी प्रश्नावली

5. समय पर उत्तर देने का महत्व

कैपेक्स सर्वेक्षण से तैयार किए गए अनुमानों की गुणवत्ता और उपयोगिता काफी हद तक चयनित उद्यमों के कवरेज और समय पर उत्तर देने पर निर्भर करती है। व्यक्तिगत उद्यमों द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी निजी कॉरपोरेट निवेश के समेकित संकेतकों के संकलन में योगदान देती है और विभिन्न क्षेत्रों में निवेश गतिविधि की दिशा और परिमाण को समझने में सहायता करती है।

समय से जानकारी प्रस्तुत किए जाने से एनएसओ को निर्धारित सर्वेक्षण कार्यक्रम के भीतर जानकारी का आवश्यक सत्यापन और प्रसंस्करण करने में भी सहायता मिलती है, जिससे नीति-निर्माताओं और अन्य हितधारकों के लिए विश्वसनीय आंकड़ों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है।

6. उद्योग जगत से अपील

अतः एनएसओ, एमओएसपीआई सभी चयनित निजी कॉरपोरेट क्षेत्र के उद्यमों से कैपेक्स 2026 सर्वेक्षण में पूर्ण सहयोग प्रदान करने और सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील करता है। उद्यमों से अनुरोध है कि वे निर्धारित वेब पोर्टल के माध्यम से पूर्ण, सटीक और समय पर जानकारी उपलब्ध कराएं।

उद्यमों को उनके व्यक्तिगत आंकड़ों की गोपनीयता का आश्वासन दिया जाता है और यह सुनिश्चित किया जाता है कि इकाई-स्तरीय जानकारी का प्रसार नहीं किया जाएगा। सर्वेक्षण के परिणामों का प्रसार करते समय इस बात का ध्यान रखा जाता है कि ऐसी कोई जानकारी जारी न हो, जिससे जानकारी उपलब्ध कराने वाले उद्यम की पहचान हो सके। परिणाम जारी करते समय गोपनीय मानी जाने वाली किसी भी जानकारी के प्रकाशन या प्रकटीकरण को रोकने के लिए पर्याप्त उपाय किए जाते हैं। व्यक्तिगत उद्यमों की कैपेक्स निवेश योजनाओं की गोपनीयता बनाए रखने के लिए कैपेक्स सर्वेक्षण के इकाई-स्तरीय आंकड़े प्रसारित नहीं किए जाते हैं।

एमओएसपीआई का एनएसओ कैपेक्स 2026 को एक सफल सांख्यिकीय कवायद बनाने में सभी चयनित उद्यमों के सहयोग की सराहना करता है।

एमओएसपीआई की वेबसाइट https://www.mospi.gov.in/ पर पुस्तिका उपलब्ध है:

एमओएसपीआई के प्रकाशनों/रिपोर्टों तक पहुंचने के लिए क्यूआर कोड स्कैन करें

 

****

पीके/केसी/आरटी/पीके/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2317854) आगंतुक पटल : 15
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English