उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय
खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने स्वच्छता अभियानों और जन जागरूकता गतिविधियों के साथ स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान जारी रखा है
स्वच्छता ही सेवा-2026 के माध्यम से डीएफपीडी स्वच्छता, आरोग्य और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देता है
डीएफपीडी ने स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए घर-घर जागरूकता अभियान, पदयात्रा और प्लॉगिंग ड्राइव का आयोजन किया
प्रविष्टि तिथि:
28 SEP 2026 6:28PM by PIB Delhi
भारत सरकार का खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग (डीएफपीडी), अपने सभी सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, संबद्ध/अधीनस्थ कार्यालयों सहित, शहरी विकास विभाग और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के दिशानिर्देशों के अनुसार स्वच्छता और सफाई के लिए 'स्वच्छता ही सेवा-2026' अभियान के तहत गतिविधियां संचालित कर रहा है।
डीएफपीडी ने 21.09.2026 को नई दिल्ली के फिरोज गांधी कैंप में घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाया। विभाग के अधिकारियों ने कैंप का दौरा किया और कैंपवासियों को झाड़ू, कूड़ेदान, साबुन और सैनिटाइजर वितरित किए। अधिकारियों ने कैंपवासियों को न केवल अपने घरों को बल्कि अपने आसपास के वातावरण को भी साफ रखने का महत्व समझाया। कैंपवासियों के बच्चों को भी व्यक्तिगत स्वच्छता और वातावरण की सफाई के प्रति जागरूक किया गया।


डीएफपीडी ने 22 सितंबर 2026 को कृषि भवन से जंतर मंतर तक वॉकथॉन और प्लॉगिंग अभियान का आयोजन किया । इस आयोजन ने नागरिकों को स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया और स्वच्छ भारत के प्रतिबद्धता की पुष्टि की।


स्वच्छता संवाद कार्यक्रम का आयोजन 23 सितंबर 2026 को डीएफपीडी में किया गया। इस अवसर पर विभाग के अधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया, अपने विचार साझा किए और स्वच्छता के प्रति अपने संकल्प को और मजबूत किया। कार्यक्रम में सुलभ इंटरनेशनल सोशल सर्विस ऑर्गनाइजेशन की वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रीमती आभा कुमार ने स्वच्छता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।


स्वच्छता ही सेवा-2025 के अवसर पर, विभाग के अधिकारियों ने स्वच्छता जागरूकता को बढ़ावा देने और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता के लिए प्रयासरत रहते हुए 24.09.2025 को कृषि भवन के निकट स्थित बाजार का दौरा किया। बाजार क्षेत्र की सफाई की गई और सड़क विक्रेताओं को कूड़ेदान वितरित किए गए ताकि कचरे का उचित निपटान सुनिश्चित हो सके और स्वच्छता बनी रहे।


विभाग ने 24.09.2026 को कृषि भवन में एमएएसएसएच सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, नई दिल्ली के सहयोग से वरिष्ठ डॉक्टरों और प्रयोगशाला तकनीशियनों की टीम के साथ एक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। शिविर में सफाई मित्रों/सुरक्षा गार्डों और अधिकारियों के स्वास्थ्य की जांच के लिए रक्त शर्करा, रक्तचाप आदि जैसे विभिन्न परीक्षण किए गए।


25.09.2026 को "स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत" विषय पर एक कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें डीएफपीडी के अधिकारियों ने भाग लिया।

इस बीच, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और विभाग से संबद्ध कार्यालयों द्वारा निम्नलिखित गतिविधियाँ भी की गई हैं: -
22.09.2026 को, भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) मुख्यालय और महाराष्ट्र, ओडिशा और हरियाणा के कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के अंतर्गत एक स्वच्छता रैली का आयोजन किया। रैली के दौरान, प्रतिभागियों ने मार्ग में स्थित आसपास के क्षेत्रों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों की सफाई में सक्रिय रूप से भाग लिया।


क्यूसीसी द्वारा 22.09.2026 को अस्पतालों, स्कूलों, सड़कों आदि जैसे सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया।


23.09.2026 को एफसीआई के सभी कार्यालयों, जिनमें मुख्यालय, क्षेत्रीय कार्यालय, मंडल कार्यालय और डिपो शामिल हैं, में कर्मचारियों और युवा कर्मचारियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों में स्वच्छता और सफाई पर केंद्रित निबंध लेखन प्रतियोगिताएं, पोस्टर निर्माण और भित्तिचित्र प्रतियोगिताएं, प्रश्नोत्तरी और नारा लेखन प्रतियोगिताएं शामिल थीं। इन गतिविधियों ने स्वच्छ, स्वस्थ्य और सतत भारत के सपने को साकार करने की दिशा में सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित किया।

स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के अंतर्गत, भारतीय खाद्य निगम मुख्यालय और इसके अधीनस्थ कार्यालयों, जिनमें क्षेत्रीय कार्यालय, मंडल कार्यालय और डिपो शामिल हैं, ने 24.09.2026 को देश भर के सरकारी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में जागरूकता शिविर और आउटरीच गतिविधियों का आयोजन किया। इन पहलों का उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता, साफ-सफाई और अपशिष्ट प्रबंधन के मूल्यों को विकसित करना था।


स्वच्छता ही सेवा-2026 के अंतर्गत स्वच्छता, पुन: उपयोग और सामुदायिक कल्याण को बढ़ावा देने के लिए, उपयोगी कपड़ों के संग्रह और पुन: उपयोग हेतु आईजीएमआरआई लुधियाना ने 24.09.2026 को "नेकी की दीवार" का आयोजन किया।

इन पहलों के माध्यम से, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग और इसके संबद्ध संगठन स्वच्छता, आरोग्य और अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देने में कर्मचारियों, नागरिकों और समुदायों के बीच सक्रिय भागीदारी को लगातार प्रोत्साहित कर रहे हैं, जो स्वच्छ भारत और विकसित भारत के दृष्टिकोण में योगदान देता है।
****
पीके/केसी/आरटी/पीएस /डीए
(रिलीज़ आईडी: 2316195)
आगंतुक पटल : 65