वित्‍त मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सीबीएन की राजस्थान इकाई ने पूरे राजस्थान में चलाए जा रहे गहन प्रवर्तन अभियानों में लगभग चार टन तस्करी की सामग्री जब्त की

प्रविष्टि तिथि: 26 SEP 2026 7:13PM by PIB Delhi

बीते कुछ हफ्तों में चलाए गए कई महत्वपूर्ण मादक पदार्थों के खिलाफ अभियानों में, केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) ने मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और मादक पदार्थों को अपने पास रखने के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की। इन अभियानों के फलस्वरूप 3,937 किलोग्राम पॉपी स्ट्रॉ (डोडा चूरा), 9.6 किलोग्राम अफीम और 1.9 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक कैनबिस (गांजा) के साथ-साथ ₹18.42 लाख नकद, छः गाड़ियां और तीन जिंदा कारतूसों से भरी एक देसी पिस्तौल जब्त की गई। इन मामलों के संबंध में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

जब्त की गई सामग्री का संक्षिप्त विवरण

  • पॉपी स्ट्रॉ ​​(डोडा चूरा): 3,937 किलोग्राम
  • अफीम: 9.6 किलोग्राम
  • हाइड्रोपोनिक कैनेबिस (गांजा): 1.9 किलोग्राम
  • नकद: ₹18,42,000/-
  • जब्त की गई गाड़ियां: 6
  • देसी पिस्तौल: 1, जिसमें 3 जिंदा कारतूस भरे थे
  • गिरफ्तारी: 4 लोग

सीबीएन की राजस्थान इकाई ने 118 बोरियों में पैक किए गए 2,292.460 किलोग्राम पॉपी स्ट्रॉ की गुप्त खेप ले जा रहे एक ट्रक को रोका। यह प्रतिबंधित सामग्री सीमेंट की बोरियों के परत के नीचे छिपाई गई थी। इसमें दो लोगों को गिरफ्तार किया गया और ट्रक को जब्त कर लिया गया। आगे की कार्रवाई के दौरान, गिरफ्तार लोगों में से एक के घर से एक मोटरसाइकिल और एक रजिस्टर भी बरामद किया गया।

कार्रवाई के दौरान जब्त की गई पॉपी स्ट्रॉ

एक अन्य अभियान में, सीबीएन राजस्थान इकाई ने एक परिसर से 56 बोरियों में पैक किया हुआ 1,037 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद किया, जहां प्रतिबंधित सामग्री से भरी एक फॉर्च्यूनर कार भी मिली। गाड़ी से तीन जिंदा कारतूसों से भरी एक देसी पिस्तौल भी बरामद की गई।

कार्रवाई के दौरान बरामद की गई गोलियों से भरी पिस्तौल

 

सीबीएन ने टाटा हैरियर कार से 23 बोरियों में पैक किया हुआ 340 किलोग्राम पॉपी स्ट्रॉ बरामद किया। एक अन्य कार्रवाई में, होंडा अमेज कार से नौ बोरियों में पैक किया हुआ 156.7 किलोग्राम पॉपी स्ट्रॉ बरामद किया गया, जब कार का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

इसके साथ ही, क्रेटा कार से 110 किलोग्राम पॉपी स्ट्रॉ बरामद किया गया, जिसके चलते एक शख्स को गिरफ्तार किया गया।

पॉपी स्ट्रॉ से लदी हुई कार को रोका गया

एक अन्य अभियान में, सीबीएन ने आवासीय परिसरों से 9.6 किलोग्राम अफीम और ₹18.42 लाख नकद बरामद किए। इस मामले में एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है।

कार्रवाई के दौरान बरामद की गई अवैध अफीम जब्त

 

एक अन्य महत्वपूर्ण कार्रवाई में, सीबीएन की राजस्थान इकाई ने जयपुर स्थित विदेशी डाकघर में अमेरिका से प्राप्त एक अंतर्राष्ट्रीय पार्सल की तलाशी ली। तलाशी के दौरान, एक एयर सर्कुलेटर बॉक्स के अंदर चार पैकेटों में छिपाकर रखे गए 1.9 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक कैनबिस (गांजा) बरामद किया गया।

जयपुर के एफपीओ में बरामद की गई हाइड्रोपोनिक भांग

 

बरामद की गई सभी प्रतिबंधित वस्तुएं, गाड़ियां और बाकी सामान नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के अंतर्गत जब्त कर लिए गए हैं।

सभी मामलों में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और वितरण से जुड़े स्रोतों, गंतव्यों, आपूर्ति चैनलों और अन्य लोगों/ संस्थाओं की पहचान करने के लिए गहन जांच जारी है।

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) "नशीली दवाओं का सुरक्षित इस्तेमाल और दुरुपयोग की रोकथाम" और "नशा मुक्त भारत" के दृष्टिकोण के प्रति दृढ़ता से प्रतिबद्ध है और मादक दवाओं और मनोरोगी पदार्थों की अवैध तस्करी, हेराफेरी और दुरुपयोग के खिलाफ खुफिया जानकारी पर आधारित प्रवर्तन और निवारक जागरूकता पहल जारी रखे हुए है।

***

पीके/केसी/आरटी/एमएम/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 2315393) आगंतुक पटल : 90
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu