वित्‍त मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, उत्तर प्रदेश की जून 2026 को समाप्त तिमाही की समीक्षा बैठक का आयोजन

प्रविष्टि तिथि: 17 SEP 2026 2:13PM by PIB Lucknow

राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी), उत्तर प्रदेश की जून 2026 को समाप्त तिमाही की समीक्षा बैठक दिनांक 17 सितंबर, 2026 को बैंक ऑफ़ बड़ौदा के गोमतीनगर स्थित बड़ौदा हाउस में श्री लाल सिंह, कार्यपालक निदेशक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा एवं अध्यक्ष, एसएलबीसी, उत्तर प्रदेश की अध्यक्षता में संपन्न हुई। 

 

बैठक में श्री हरि हर मिश्रा, अपर सचिव, वित्तीय सेवाएं विभाग, वित्त मंत्रालय, भारत सरकार, श्री पंकज कुमार, क्षेत्रीय निदेशक, भारतीय रिज़र्व बैंक, लखनऊ, श्रीमती संदीप कौर, आई.ए.एस, सचिव, वित्त एवं महानिदेशक, संस्थागत वित्त, उत्तर प्रदेश सरकार, श्री जे. बी. यादव, आई.ए.एस, अपर भूमि सुधार आयुक्त, राजस्व परिषद्, उत्तर प्रदेश, श्री पंकज कुमार, मुख्य महाप्रबंधक, नाबार्ड, श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह, महाप्रबंधक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा एवं संयोजक, एसएलबीसी, श्री राजेश कुमार यादव, आई.पी.एस, साइबर क्राइम, पुलिस मुख्यालय, लखनऊ, श्री हाफ़िजुर रहमान, आई.पी.एस, आर्थिक अपराध शाखा, पुलिस मुख्यालय, लखनऊ, श्रीमती निधि कुमार, उप महाप्रबंधक, एसएलबीसी, सहित विभिन्न सदस्य बैंकों के राज्य प्रमुख, केंद्र एवं राज्य सरकार के विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभागिता की। 

बैठक में श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह ने जून 2026 तिमाही के दौरान प्रदेश में बैंकिंग क्षेत्र की महत्वपूर्ण गतिविधियों एवं उपलब्धियों से समिति को अवगत कराया। उन्होंने संशोधित लीड बैंक योजना के अंतर्गत CD Ratio में सुधार, PMFBY खरीफ 2026 में 82% खातों के संतृप्तिकरण तथा प्रीमियम रेमिटेंस में तेजी लाने पर जोर दिया। KCC संतृप्तिकरण अभियान के तहत पात्र PM-KISAN लाभार्थियों को KCC से जोड़ने एवं KRISHIKA App के प्रचार-प्रसार का आह्वान किया। उन्होंने CM-YUVA योजना में लगभग 30% प्रगति को असंतोषजनक बताते हुए लक्ष्य प्राप्ति हेतु विशेष कार्य योजना एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

अपने संबोधन में श्री लाल सिंह ने “Banking for Viksit Bharat” के तहत जमा वृद्धि, युवाओं को बैंकिंग से जोड़ने, विनिर्माण एवं कृषि क्षेत्र में ऋण प्रवाह बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने 2 अक्तूबर, 2026 से प्रस्तावित युवा जागरूकता अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन का आह्वान किया। MSME क्षेत्र के लिए ECLGS 5.0 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में ₹20,800 करोड़ से अधिक के ऋण स्वीकृत होने की उपलब्धि का उल्लेख किया। उन्होंने Mudra, PM Vishwakarma, PMFME, AIF, PMEGP, PM SVANidhi एवं CM-YUVA जैसी योजनाओं में ऋण प्रवाह को मज़बूत करते हुए, छोटे उद्यमों के ऋण स्वीकृति समय को कम करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही, अग्रणी जिला प्रबंधक, जिला प्रशासन, संबंधित विभागों एवं बैंक शाखाओं के बीच नियमित समन्वय एवं संयुक्त समीक्षा की आवश्यकता बताई। उन्होंने सभी सदस्य बैंकों से राज्य के आर्थिक एवं वित्तीय विकास में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।

श्री हरि हर मिश्रा ने उत्तर प्रदेश में वित्तीय समावेशन की प्रगति को रेखांकित करते हुए खाते खोलने से आगे बढ़कर उनके सक्रिय उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा अक्तूबर माह में “Reform Utsav” आयोजित किया जाना प्रस्तावित है, जिसके माध्यम से सरकार द्वारा प्रस्तावित विभिन्न सुधारों के संबंध में व्यापक जागरूकता प्रदान की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि मुंबई में आयोजित Global Fintech 2026 के दौरान विभाग द्वारा PSB Alliance के सहयोग से एक पोर्टल विकसित किया जा रहा है, जिसमें बैंकिंग से संबंधित 16 विभिन्न योजनाओं को सम्मिलित किया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से आवेदकों को सरल एवं त्वरित प्रक्रिया के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने Re-KYC, साइबर फ्रॉड नियंत्रण एवं सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति, किसान एवं MSME तक समयबद्ध बैंकिंग सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

श्रीमती संदीप कौर ने बताया कि जमा-ऋण अनुपात (CD Ratio) की सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत तिमाही आधार पर निगरानी किया जाना प्रस्तावित है, इसलिए निम्न CD Ratio वाले जनपदों की नियमित समीक्षा करते हुए इसमें सुधार लाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं में लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने, CM-YUVA योजना के अंतर्गत CM Fellows को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने तथा सुरक्षा बीमा योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त दावा आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही, सभी बैंकों से UPITS 2026 में सक्रिय रूप से प्रतिभागिता करने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों द्वारा सभी सदस्य बैंकों से केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं में प्रगति लाने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने हेतु सक्रिय सहयोग का अनुरोध किया गया।

श्रीमती निधि कुमार ने दिनांक 17.09.2026 से प्रारंभ की गई विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 तथा प्रस्तावित महिला उद्यमी क्रेडिट कार्ड योजना के संबंध में प्रतिभागियों को अवगत कराया। साथ ही उन्होंने दिनांक 17.09.2026 से 02.10.2026 तक आयोजित किए जा रहे “स्वच्छता ही सेवा” अभियान में सभी सदस्य बैंकों एवं विभागों से सक्रिय सहभागिता का अनुरोध किया। बैठक के अंत में उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।

                                                                             

****


(रिलीज़ आईडी: 2313385) आगंतुक पटल : 89