सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय
सेवा संकल्प अभियान नागरिक-केंद्रित शासन और राष्ट्र-निर्माण की भावना को दर्शाता है: केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी
‘आशीर्वाद का दीया’ सेवा, कृतज्ञता और नागरिकों की भागीदारी के संबंध का प्रतीक है: श्री गडकरी
प्रविष्टि तिथि:
17 SEP 2026 9:31PM by PIB Delhi
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने आज कहा कि 'सेवा भाव' ही जनसेवा और विकास की मूल भावना है। सरकार की पहल का उद्देश्य नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना और यह सुनिश्चित करना है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। 'सेवा संकल्प अभियान – आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम को वर्चुअल रूप से संबोधित करते हुए श्री गडकरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन लोगों की सेवा करने और देश के विकास में योगदान देने के सामूहिक संकल्प को फिर से दोहराने का अवसर है।
मंत्री ने कहा कि बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) विकसित करने का वास्तविक उद्देश्य नागरिकों की सेवा करना और उनके लिए बेहतर अवसर सृजित करना है। सड़कें और राजमार्ग केवल वास्तविक परिसंपत्तियां नहीं हैं,बल्कि वे लोगों को स्कूलों, अस्पतालों, बाज़ारों, कार्यस्थलों और अन्य आवश्यक सेवाओं से जोड़ते हैं। बेहतर संपर्कता (कनेक्टिविटी) से समय बचता है, कृषि उत्पादों की आवाजाही सुगम होती है, पर्यटन को बढ़ावा मिलता है और रोज़गार तथा आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर उपलब्ध होते हैं।
श्री गडकरी ने पीएम गतिशक्ति जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इंटीग्रेटेड इंफ्रास्ट्रक्चर प्लानिंग और आधुनिक राजमार्ग विकास से पूरे देश में कनेक्टिविटी में बदलाव आ रहा है। ज़ोजिला टनल और हर मौसम में कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने वाली अन्य पहलों सहित मुश्किल और पहाड़ी इलाकों में चल रही परियोजनाओं से दूर-दराज़ के समुदायों को आवश्यक सेवाओं और अवसरों से जुड़ने में मदद मिल रही है।
उन्होंने कहा कि सेवा की भावना सभी क्षेत्रों में है, आयुष्मान भारत जैसी पहलें आवश्यक सेवाओं तक बेहतर पहुंच बनाने और नागरिकों की भलाई सुनिश्चित करने पर सरकार के फोकस को दर्शाती हैं।
श्री गडकरी ने कहा कि विकास समयबद्ध, परिणाम-उन्मुख, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। उन्होंने विश्व-स्तरीय तकनीक अपनाने, आयात पर निर्भरता कम करने, संसाधनों के कुशल उपयोग और घटिया काम तथा गड़बड़ियों के लिए सख्त जवाबदेही निर्धारित करने पर ज़ोर दिया।
मंत्री ने सुरक्षित, किफायती और टिकाऊ आवाजाही के लिए सरकार के प्रयासों के बारे में भी बताया। इसमें इलेक्ट्रिक वाहन, वैकल्पिक ईंधन, बायो-फ्यूल और हाइड्रोजन-आधारित प्रौद्योगिकी के साथ ही सार्वजनिक परिवहन को मज़बूत करना शामिल है।
उन्होंने कहा कि विकास का असल पैमाना नागरिकों के दैनिक जीवन में समय की बचत, उनकी सेवाओं तक सुगम पहुंच, उनके लिए नए अवसर उपलब्ध होना और समुदायों का आपस में जुड़ना जैसे सकारात्मक बदलाव है।
श्री गडकरी ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ पहल सेवा संकल्प की भावना को दर्शाती है—जो पूरी निष्ठा, ईमानदारी और नागरिक-प्रथम के दृष्टिकोण से लोगों की सेवा करने का एक सामूहिक संकल्प है।
उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं दीं तथा नागरिक-केंद्रित विकास, बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर और उत्तरदायी जन-सेवा की यात्रा को जारी रखने का संकल्प दोहराया। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी और मार्गदर्शक नेतृत्व में, भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ता रहेगा और एक सुदृढ़, समृद्ध और विकसित भारत के सपने को साकार करेगा।




***
पीके/केसी/एमके
(रिलीज़ आईडी: 2311794)
आगंतुक पटल : 29
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English