सूचना और प्रसारण मंत्रालय
‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत उत्तर प्रदेश के मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने माँ कामाख्या के किए दर्शन
प्रविष्टि तिथि:
14 SEP 2026 2:40PM by PIB Lucknow
एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूत करने और देश की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से मीडिया प्रतिनिधियों को परिचित कराने के उद्देश्य से पत्र सूचना कार्यालय (PIB), लखनऊ के नेतृत्व में असम के मीडिया दौरे पर आए उत्तर प्रदेश के मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने आज गुवाहाटी स्थित नीलाचल पहाड़ी पर प्रसिद्ध माँ कामाख्या देवी मंदिर के दर्शन किए।

मीडिया प्रतिनिधिमंडल को भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा संचालित PRASAD (Pilgrimage Rejuvenation and Spiritual Augmentation Drive) योजना के बारे में भी जानकारी दी गई। वर्ष 2014-15 में शुरू की गई इस योजना का अक्टूबर 2017 में नाम बदलकर “National Mission on Pilgrimage Rejuvenation, Spiritual and Heritage Augmentation Drive (PRASHAD)” किया गया।
माँ कामाख्या देवी मंदिर देश के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक है और असम की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है। नीलाचल पहाड़ी पर स्थित यह मंदिर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आस्था का केंद्र है।
मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने मंदिर परिसर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर मंदिर की धार्मिक परंपराओं, ऐतिहासिक महत्व तथा क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं की जानकारी प्राप्त की। प्रतिनिधिमंडल ने असम की आध्यात्मिक विरासत को करीब से जानने और इसे देश के अन्य हिस्सों के लोगों तक पहुंचाने के अनुभव को महत्वपूर्ण बताया।
PRASHAD योजना के माध्यम से देश के प्रमुख तीर्थ और आध्यात्मिक स्थलों पर पर्यटन सुविधाओं के विकास, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा श्रद्धालुओं के अनुभव को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के अवसर भी बढ़ रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के मीडिया प्रतिनिधिमंडल का यह दौरा ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना के अनुरूप विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पर्यटन विरासत को एक-दूसरे से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
****
(रिलीज़ आईडी: 2310797)
आगंतुक पटल : 21