शिक्षा मंत्रालय
इग्नू कुलगुरु प्रो. उमा कांजीलाल ने अपर मुख्य सचिव श्री अनुपम राजन से की शिष्टाचार भेंट
प्रविष्टि तिथि:
08 SEP 2026 6:56PM by PIB Bhopal
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की कुलगुरु प्रो. उमा कांजीलाल ने अपने भोपाल प्रवास के दौरान मध्य प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अनुपम राजन से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मध्य प्रदेश में उच्च शिक्षा के विस्तार तथा विद्यार्थियों के लिए इग्नू द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे विभिन्न शैक्षणिक एवं कौशल-आधारित अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई।
भेंट के दौरान विशेष रूप से जनजातीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के विस्तार तथा इन क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा से जोड़ने में इग्नू की भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया। कुलगुरु महोदया ने बताया कि इग्नू अपने व्यापक नेटवर्क के माध्यम से प्रदेश के उन क्षेत्रों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है, जहां पारंपरिक उच्च शिक्षा संस्थानों की पहुंच सीमित है।
_20260908185900_d19aad.jpg)
कुलगुरु प्रो. उमा कांजीलाल ने मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को इग्नू द्वारा संचालित भारतीय ज्ञान परंपरा (Indian Knowledge Systems) आधारित पाठ्यक्रमों से जोड़ने की संभावनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि भारतीय ज्ञान परंपरा से संबंधित पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक एवं बौद्धिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा के साथ इसके समन्वय का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों के अनुरूप विद्यार्थियों को दोहरी डिग्री (Dual Degree) का विकल्प उपलब्ध कराने तथा इग्नू के विभिन्न रोजगारपरक एवं कौशल-आधारित पाठ्यक्रमों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बदलती रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप विद्यार्थियों में आवश्यक कौशल विकसित करना समय की आवश्यकता है। इस दिशा में इग्नू द्वारा उद्योगों एवं अन्य संस्थानों के साथ सहयोग के माध्यम से कौशल विकास एवं रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
इस अवसर पर कुलगुरु महोदया ने इग्नू क्षेत्रीय केंद्र भोपाल में निर्मित अत्याधुनिक स्वयंप्रभा स्टूडियो के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्टूडियो का संचालन शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। इस स्टूडियो के माध्यम से मध्य प्रदेश के विद्यार्थियों एवं शिक्षार्थियों को लाभान्वित करते हुए हिंदी भाषा में प्रमुख विषयों के काउंसलिंग सत्र एवं शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इससे गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सामग्री एवं विशेषज्ञों का मार्गदर्शन प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी।
बैठक के दौरान मध्य प्रदेश में इग्नू की शैक्षणिक गतिविधियों के विस्तार तथा इग्नू क्षेत्रीय केंद्र भोपाल एवं क्षेत्रीय केंद्र जबलपुर को और अधिक सुदृढ़ एवं विस्तारित करने के संबंध में भी सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ। श्री अनुपम राजन ने प्रदेश में उच्च शिक्षा की पहुंच को व्यापक बनाने तथा विशेष रूप से जनजातीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने में इग्नू के साथ सहयोग के प्रति सकारात्मक आश्वासन दिया।
भेंट अत्यंत सकारात्मक एवं फलदायी रही तथा मध्य प्रदेश में उच्च शिक्षा, कौशल विकास और भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रसार के लिए इग्नू एवं मध्य प्रदेश शासन के बीच सहयोग की नई संभावनाओं को बल मिला।
***
(रिलीज़ आईडी: 2307965)
आगंतुक पटल : 347