सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
नशे की लत और डिप्रेशन से रिकवरी और नए इरादों तक: डीडीएसी के सहयोग ने सिमहोन के भविष्य को कैसे संवारा
प्रविष्टि तिथि:
02 SEP 2026 6:42PM by PIB Delhi
नशीले पदार्थों के सेवन और मानसिक तनाव से प्रभावित युवाओं के लिए, समय पर उपचार, काउंसलिंग (परामर्श) और पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) का सहारा अत्यंत महत्वपूर्ण हो सकता है। यह उन्हें अपना आत्मविश्वास वापस पाने, अपने स्वास्थ्य व खुशहाली को बहाल करने और एक स्थिर भविष्य की ओर बढ़ने में मदद करता है।
डिस्ट्रिक्ट डि-एडिक्शन सेंटर (डीडीएसी) से मिलने वाली मदद के असर को दर्शाते हुए, असम के कार्बी आंगलोंग जिले के 26 वर्षीय अनुसूचित जनजाति लाभार्थी सिमहोन (बदला हुआ नाम) ने नशे की लत से उबरने और अपनी जिंदगी को नए सिरे से संवारने में सकारात्मक प्रगति की है।
इंटरमीडिएट तक शिक्षित सिमहोन पुलिस सेवा में शामिल होकर एक सुरक्षित और सार्थक भविष्य बनाना चाहते थे। हालांकि, गलत संगति और डिप्रेशन ने धीरे-धीरे उनके व्यक्तिगत और भावनात्मक जीवन को प्रभावित कर दिया। नशीले पदार्थों का सेवन उनकी शिक्षा पूरी करने में एक बड़ी बाधा बन गया और इसने उनके लक्ष्यों की ओर बढ़ने की गति को रोक दिया।
यद्यपि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी थी, फिर भी नशे की लत ने उनके जीवन में गंभीर भावनात्मक और व्यक्तिगत चुनौतियाँ खड़ी कर दीं, जिससे उनका समग्र विकास और प्रगति प्रभावित हुई। वे बेरोजगार रहे और उनके लिए अपने करियर के सपनों पर ध्यान केंद्रित करना लगातार कठिन होता गया।

19 मई 2026 को सिमहोन को कार्बी आंगलोंग में डीडीएसी के रूप में संचालित सहायता-प्राप्त केंद्र 'इंटीग्रेटेड सोसाइटी फॉर डेवलपमेंट' से मदद मिली, जो उनकी जिंदगी में एक बड़ा बदलाव साबित हुई। केंद्र ने उन्हें दवाइयों, ध्यान (मेडिटेशन), काउंसलिंग, योग सत्रों और उचित मार्गदर्शन के माध्यम से एक व्यवस्थित और संरचित सहायता प्रदान की।
इन प्रयासों ने सिमहोन को नशे की लत से बाहर निकलने, मानसिक स्वास्थ्य में सुधार करने और अपना आत्मविश्वास वापस पाने में मदद की। नियमित फॉलो-अप सेवाओं और निरंतर प्रोत्साहन ने उनकी रिकवरी के संकल्प को मजबूत किया और उन्हें अपने भविष्य पर फिर से ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया।
इलाज और काउंसलिंग के साथ-साथ, उन्हें उपलब्ध आजीविका के अवसरों को समझने में मदद करने के लिए व्यावसायिक मार्गदर्शन (वोकेशनल गाइडेंस) भी प्रदान किया गया। इस सहयोग ने लक्ष्य निर्धारित करने, वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनने और एक अर्थपूर्ण व स्वावलंबी भविष्य के निर्माण के महत्व पर बल दिया।
सिमहोन ने उत्साहजनक प्रगति दिखाई है और अब वे रोजगार के अवसरों के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं। हालांकि अभी तक उनकी आय में किसी बदलाव की सूचना नहीं है, लेकिन उनमें दिशा की एक स्पष्ट समझ विकसित हुई है और वे अपने करियर के सपनों को पूरा करने के लिए आवश्यक कदमों को बेहतर ढंग से समझने लगे हैं।
उनकी यह यात्रा दर्शाती है कि कैसे समय पर मिलने वाली नशा-मुक्ति सेवाएं, काउंसलिंग और करियर से जुड़ी सलाह युवाओं को नशे की निर्भरता से बाहर निकलने, अपना आत्मविश्वास बहाल करने और रिकवरी, रोजगार व आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ने में मदद कर सकते हैं।
******
पीके/केसी/डीवी/डीए
(रिलीज़ आईडी: 2306109)
आगंतुक पटल : 82