उपभोक्‍ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारतीय मानक ब्यूरो ने इंदौर में सर्फैक्टेंट एवं वाशिंग पाउडर उद्योग के लिए एमएसएमई बैठक एवं मानक मंथन का आयोजन किया


सर्फैक्टेंट निर्माताओं एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को भारतीय मानक ब्यूरो की गतिविधियों, भारतीय मानकों एवं गुणवत्ता आवश्यकताओं के प्रति किया गया जागरूक

प्रविष्टि तिथि: 20 AUG 2026 2:03PM by PIB Bhopal

इंदौर, भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), भोपाल शाखा कार्यालय (BPBO) द्वारा इंदौर में सर्फैक्टेंट एवं वाशिंग पाउडर उद्योग से जुड़े निर्माताओं, व्यापारियों एवं एमएसएमई के लिए एमएसएमई बैठक एवं मानक मंथन कार्यक्रम का आयोजन 19 अगस्त 2026 को किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज मध्य प्रदेश (एआईएमपी), इंदौर एवं अहिल्या सर्फैक्टेंट मैन्युफैक्चरर्स वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उद्योग जगत को भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) की गतिविधियों, भारतीय मानकों, अनुरूपता मूल्यांकन एवं गुणवत्ता आवश्यकताओं के प्रति जागरूक करना तथा लागू मानकों के कार्यान्वयन से संबंधित विषयों पर चर्चा के लिए मंच प्रदान करना था। कार्यक्रम में उद्योग एवं MSME क्षेत्र के 60 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री आशुतोष राय, वैज्ञानिक-C/उप निदेशक, BIS भोपाल शाखा कार्यालय द्वारा मंचासीन अतिथियों के पुष्प स्वागत के साथ हुआ। कार्यक्रम में श्री योगेश मेहता, अध्यक्ष, एआईएमपी, इंदौर; श्री राजेश गर्ग, अध्यक्ष, अहिल्या सर्फैक्टेंट मैन्युफैक्चरर्स वेलफेयर एसोसिएशन, इंदौर; श्री तरुण व्यास, सचिव, एआईएमपी, इंदौर; श्री प्रमोद डफरिया, पूर्व अध्यक्ष, एआईएमपी, इंदौर; एवं श्री अनिल पालीवाल, कोषाध्यक्ष, एआईएमपी, इंदौर उपस्थित रहे।

श्री योगेश मेहता, अध्यक्ष, एआईएमपी, इंदौर ने अपने उद्घाटन संबोधन में BIS द्वारा MSMEs एवं उद्योग हितधारकों के साथ सीधे संवाद की पहल का स्वागत किया। उन्होंने भारतीय मानकों के संबंध में जागरूकता बढ़ाने तथा निर्माताओं को गुणवत्ता बनाए रखने एवं लागू आवश्यकताओं के अनुपालन में सहयोग प्रदान करने के लिए उद्योग एवं BIS के बीच नियमित संवाद के महत्व पर जोर दिया।

श्री आशुतोष राय, वैज्ञानिक-C/उप निदेशक, BIS भोपाल शाखा कार्यालय ने कार्यक्रम में दो तकनीकी प्रस्तुतियां दीं। पहली प्रस्तुति में BIS एवं इसकी प्रमुख गतिविधियों के बारे में जानकारी दी गई, जिसमें भारतीय मानकों का निर्माण, अनुरूपता मूल्यांकन, उत्पाद प्रमाणन, मानक संवर्धन तथा मानकीकरण प्रक्रिया में हितधारकों की भागीदारी जैसे विषय शामिल थे। प्रतिभागियों को BIS की विभिन्न पहलों एवं MSMEs के लिए उपलब्ध प्रोत्साहनों एवं रियायतों के बारे में भी जानकारी दी गई।

दूसरी तकनीकी प्रस्तुति मानक मंथन के अंतर्गत IS 4955:2020 – घरेलू धुलाई के लिए अपमार्जक पाउडर - विशिष्टि विषय पर आयोजित की गई। प्रतिभागियों को मानक के दायरे एवं प्रमुख आवश्यकताओं के बारे में जानकारी दी गई तथा डिटर्जेंट पाउडर की गुणवत्ता, प्रदर्शन एवं एकरूपता सुनिश्चित करने में निर्धारित गुणवत्ता मानकों के महत्व पर प्रकाश डाला गया। साथ ही, निर्माताओं को अपने उत्पादन एवं गुणवत्ता नियंत्रण कार्यों में इस मानक की उपयोगिता के बारे में अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के अंत में इंटरैक्टिव चर्चा एवं प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें निर्माताओं एवं MSMEs ने मानकों के कार्यान्वयन, सैंपलिंग एवं परीक्षण प्रक्रियाओं, लागू परीक्षण मानकों, BIS प्रमाणन, संबंधित लागत, मार्किंग आवश्यकताओं एवं समय-सीमा से जुड़े प्रश्न उठाए। BIS अधिकारि द्वारा प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए लागू आवश्यकताओं के संबंध में व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। उद्योग हितधारकों से प्राप्त सुझावों एवं फीडबैक को भी संज्ञान में लिया गया। कार्यक्रम से BIS की गतिविधियों, भारतीय मानकों एवं गुणवत्ता आवश्यकताओं के संबंध में जागरूकता बढ़ी तथा BIS और सर्फैक्टेंट एवं वाशिंग पाउडर उद्योग के बीच संवाद एवं सहभागिता और मजबूत हुई।

**


(रिलीज़ आईडी: 2301486) आगंतुक पटल : 109
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English