वित्त मंत्रालय
जयपुर में आयकर विभाग के शीर्ष अधिकारियों का दो दिवसीय कॉन्क्लेव संपन्न
कॉन्क्लेव में शीर्ष कर अधिकारियों ने आयकर विभाग के मुख्य मुद्दों पर किया गहन मंथन
प्रविष्टि तिथि:
18 AUG 2026 5:21PM by PIB Jaipur
आयकर विभाग द्वारा जयपुर में आयोजित प्रधान मुख्य आयकर आयुक्तों एवं प्रधान आयकर महानिदेशकों की दो दिवसीय कॉन्क्लेव का आज, 18 अगस्त को समापन हुआ। कॉन्क्लेव की अध्यक्षता केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) के अध्यक्ष श्री रवि अग्रवाल ने की।
कार्यक्रम में CBDT के सदस्य श्री पंकज कुमार मिश्रा, श्री संजय बहादुर, श्री प्रसेनजीत सिंह, सुश्री जी. अपर्णा राव, सुश्री पल्लवी अग्रवाल एवं श्री सुनील कुमार सिंह सहित देशभर के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्तों, प्रधान आयकर महानिदेशकों, आयकर आयुक्त (प्रशासन) तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
कॉन्क्लेव के दौरान आयकर विभाग से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों, जिनमें ई-एचआरएमएस, सेवा मामले, मुकदमेबाजी, आरक्षण नीति, करदाता सेवाएँ, भावी परियोजनाएँ, सिस्टम निदेशालय, क्षमता निर्माण, अवसंरचना, व्यय बजट, टीडीएस प्रशासन एवं अंतर-एजेंसी समन्वय आदि शामिल हैं, पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने विभाग के समक्ष वर्तमान चुनौतियों एवं भावी प्राथमिकताओं पर अपने सुझाव एवं विचार साझा किए। इस अवसर पर CBDT के मीडिया सेल द्वारा निर्मित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन भी किया गया।
CBDT के अध्यक्ष श्री रवि अग्रवाल ने विभाग की भावी दिशा एवं कार्यप्रणाली को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ खुले एवं संवादात्मक विचार-विमर्श किया तथा प्राप्त सुझावों के आधार पर ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया। देशभर के आयकर कार्यालयों के लिए आवश्यक अवसंरचना एवं अन्य सुविधाओं से संबंधित आवश्यकताओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
यह कार्यक्रम CBDT के अध्यक्ष श्री रवि अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा श्री सुमीत कुमार, प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, राजस्थान के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री अनिल कुमार भारद्वाज, आयकर आयुक्त (प्रशासन एवं TPS), जयपुर; श्री गौतम सिंह चौधरी, अपर आयकर आयुक्त (प्रशासन); श्री सुरेंद्र यादव, आयकर उपायुक्त (मुख्यालय) तथा अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सुश्री जी. अपर्णा राव, सदस्य (TPS&R), CBDT ने समापन संबोधन दिया। तत्पश्चात श्री अनिल कुमार भारद्वाज, आयकर आयुक्त (प्रशासन एवं TPS), जयपुर ने CBDT अध्यक्ष, बोर्ड के सदस्यों, वरिष्ठ अधिकारियों तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन में जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
कॉन्क्लेव का समापन विभाग को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा करदाता सेवाओं को बेहतर एवं प्रभावी बनाने के लिए विचार-विमर्श से प्राप्त सुझावों को ठोस कार्ययोजना में परिवर्तित करने की साझा प्रतिबद्धता के साथ हुआ।

(रिलीज़ आईडी: 2300881)
आगंतुक पटल : 64
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English