रेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

अमृत भारत योजना के तहत राजस्थान के 85 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास के लिए किया गया चयन

राजस्थान में रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास

प्रविष्टि तिथि: 07 AUG 2026 2:55PM by PIB Jaipur

केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री, श्री अश्विनी वैष्णव ने आज राज्यसभा में पूछे गए प्रश्न के जवाब में लिखित जानकारी देते हुए बताया कि रेल मंत्रालय ने दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ स्टेशनों के पुनर्विकास के लिए अमृत भारत स्टेशन योजना शुरू की है। 

इस योजना में रेलवे स्टेशनों को बेहतर बनाने के लिए मास्टर योजना तैयार करना और उनका चरणबद्ध कार्यान्वयन शामिल है। प्रत्येक स्टेशन की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए मास्टर योजना में निम्नलिखित शामिल हैं:

  • स्टेशन और परिचलन क्षेत्रों तक पहुंच में सुधार
  • स्टेशन का शहर के दोनों भागों के साथ एकीकरण
  • स्टेशन भवन में सुधार
  • प्रतीक्षालय, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, पेयजल बूथों में सुधार
  • यात्री यातायात के अनुरूप अधिक चौड़े ऊपरी पैदल पुल/भूमिगत पैदल पार पथ की व्यवस्था
  • लिफ्ट/स्वचालित सीढ़ियों/रैंप की व्यवस्था
  • प्लेटफॉर्म की सतह का सुधार/प्लेटफॉर्म शेल्टर की व्यवस्था
  • ‘एक स्टेशन एक उत्पाद’ जैसी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय उत्पादों के लिए कियोस्क की व्यवस्था
  • पार्किंग क्षेत्र का विकास
  • दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं
  • बेहतर यात्री सूचना प्रणाली
  • एयर कॉनकोर्स, एक्जीक्यूटिव लाउंज, मल्टी मोडाल एकीकरण, भूसुदर्शनीकरण आदि का प्रावधान

इस योजना में आवश्यकता, चरणबद्धता और व्यवहार्यता के अनुसार संधारणीय और पर्यावरण अनुकूल समाधान आदि तथा दीर्घावधि में स्टेशन पर सिटी सेंटर के निर्माण की परिकल्पना भी की गई है।

अब तक अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकास के लिए 1340 स्टेशनों को चिह्नित किया गया है, जिनमें से 85 स्टेशन राजस्थान में स्थित हैं। राजस्थान में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकास के लिए चिह्नित किए गए स्टेशनों के नाम निम्नलिखित हैं:

राजस्थान के वे स्टेशन जहां कार्य पूरा किया जा चुका है:

राजस्थान में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों पर विकास कार्य तेज गति से किए जा रहे हैं। राजस्थान में पूरे किए गए स्टेशनों का ब्यौरा निम्नानुसार है:

राज्य

स्टेशनों की संख्या

स्टेशनों का नाम

राजस्थान 

18

बाड़मेर, बूंदी, दौसा, डीग, देशनोक, फतेहनगर, फतेहपुर शेखावाटी, गंगापुर सिटी, गोगामेडी, गोटन, गोविंद गढ़, जैसलमेर, खैरथल, माण्डल गढ़, मंण्डावर महुवा रोड, राजगढ़, सोजत रोड, सोमेसर

 

  • जैसलमेर स्टेशन: जैसलमेर स्टेशन पर विकास कार्य पूरे हो चुके हैं, जिसमें मुख्य प्रवेश द्वार पर नया स्टेशन भवन, प्रतीक्षा क्षेत्र के साथ 36 मीटर चौड़ा एयर कॉनकोर्स, नया 6 मीटर चौड़ा ऊपरी पैदल पुल, परिचलन क्षेत्र का सुधार, पार्किंग, नया प्लेटफॉर्म शेल्टर, प्लेटफॉर्म सतह का सुधार, लिफ्ट और एस्केलेटर शामिल हैं।
  • बाड़मेर स्टेशन: बाड़मेर स्टेशन पर विकास कार्य पूरे हो चुके हैं, जिसमें स्टेशन भवन का सुधार, परिचलन क्षेत्र का सुधार, नए 12 मीटर चौड़े ऊपरी पैदल पुल, प्लेटफॉर्म शेल्टर, प्लेटफॉर्म सतह का सुधार, नया प्रतीक्षालय, शौचालय और लिफ्ट शामिल हैं।

राजस्थान के अन्य स्टेशनों पर विकास की गतिविधियां भी तेज गति से शुरू की गई हैं और कुछ स्टेशनों की प्रगति निम्नानुसार है:

  • गांधीनगर जयपुर स्टेशन: मुख्य प्रवेश द्वार पर स्टेशन भवन, दूसरे प्रवेश द्वार पर स्टेशन भवन, दो मंजिला बेसमेंट, एयर कॉनकोर्स, थ्रू रूफ लॉन्चिंग, प्लेटफॉर्म शेल्टरों का प्रावधान, प्लेटफॉर्म सतह में सुधार और परिचलन क्षेत्र में सुधार के कार्य पूरे कर लिए गए हैं। परिष्करण कार्य शुरू कर दिया गया है।
  • जयपुर जंक्शन स्टेशन: दौसा छोर पर 6 मीटर चौड़े ऊपरी पैदल पुल, दूसरे प्रवेश द्वार पर बेसमेंट, पहुंच मार्ग, मुख्य प्रवेश द्वार पर बेसमेंट का संरचनात्मक कार्य, एयर कॉनकोर्स का संरचनात्मक कार्य और कॉनकोर्स को जोड़ने वाले 8 मीटर चौड़े केंद्रीय ऊपरी पैदल पुल के कार्य पूरे कर लिए गए हैं। सीकर छोर पर 6 मीटर चौड़े ऊपरी पैदल पुल का कार्य, मुख्य प्रवेश द्वार पर स्टेशन भवन का संरचनात्मक कार्य, रेलपथ के किनारे ऊपरी पैदल पुल और केंद्रीय ऊपरी पैदल पुल की छत और फर्श के कार्य शुरू किए गए हैं।
  • न्यू कोटा स्टेशन: स्टेशन भवन के अग्र और पश्च भाग के संरचनात्मक कार्य, पार्सल भवन, नए पैनल कक्ष, रेल सुरक्षा बल भवन, पश्च और अग्र भाग के परिचलन क्षेत्र में सुधार, प्लेटफॉर्म सं. 1 पर प्लेटफॉर्म शेल्टर और एयर कॉनकोर्स के कार्य पूरे कर लिए गए हैं। लिफ्टों, स्वचालित सीढ़ियों, थ्रू रूफ, स्टेशन भवन के अग्र और पश्च भाग का परिष्करण, प्लेटफॉर्म सं. 2 और 3 के प्लेटफॉर्म शेल्टर में सुधार, ऊपरी टैंक और भूमिगत टैंक आदि के कार्य भी शुरू किए गए हैं।
  • चूरू स्टेशन: नए स्टेशन भवन का निर्माण, प्लेटफॉर्म सं. 1 और 2 पर प्लेटफॉर्म शेल्टर का सुधार, बुकिंग कार्यालय, प्रतीक्षालय, विश्रामालय, शौचालय, सवारी डिब्बा संकेतक बोर्ड और संकेतकों की संस्थापना के कार्य पूरे कर लिए गए हैं। लिफ्ट और 12 मीटर चौड़े ऊपरी पैदल पुल और लिफ्ट के कार्य शुरू किए गए हैं।
  • फालना स्टेशन: स्टेशन भवन में सुधार, प्रवेश बरामदा, परिचलन क्षेत्र में सुधार, पार्किंग, प्रवेश/निकास द्वार, प्रतीक्षालय, दिव्यांगजनों के लिए सुविधाओं, संकेतक, प्लेटफॉर्म शेल्टर और प्लेटफॉर्म सतह के सुधार संबंधी कार्य पूरे कर लिए गए हैं। शौचालय ब्लॉक, 12 मीटर चौड़े ऊपरी पैदल पुल और लिफ्ट के कार्य शुरू कर दिए गए हैं।
  • जवाई बांध स्टेशन: परिचलन क्षेत्र में सुधार, पार्किंग प्रवेश/निकास द्वार, बुकिंग काउंटर, प्रवेश बरामदा, प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म शेल्टर, प्लेटफॉर्म सतह का सुधार, शौचालय ब्लॉक, दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं, संकेतक, नया विश्रामालय और दूसरे प्रवेश द्वार पर स्टेशन भवन के विकास संबंधी कार्य पूरे कर लिए गए हैं। 12 मीटर चौड़े ऊपरी पैदल पुल और पानी के बूथों के कार्य शुरू कर दिए गए हैं।

इसके अलावा, यात्री सुविधाओं के प्रावधान सहित स्टेशन का विकास/पुनर्विकास/ उन्नयन/ आधुनिकीकरण सतत और निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है और इस संबंध में कार्य आवश्यकता, सापेक्ष प्राथमिकता के अध्यधीन और धन की उपलब्धता के अनुसार शुरू किए जाते हैं। रेलवे स्टेशनों के विकास/पुनर्विकास/उन्नयन/ आधुनिकीकरण कार्य स्टेशन की कोटि/स्थिति/सम्हाले जाने वाले यातायात आदि के आधार पर किए जाते हैं।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशनों के विकास/उन्नयन/आधुनिकीकरण को सामान्यतः, योजना शीर्ष-53 'ग्राहक सुविधाएं' के तहत वित्तपोषित किया जाता है। योजना शीर्ष-53 के तहत निधि आबंटन और व्यय का विवरण क्षेत्रीय रेलवे-वार रखा जाता है, न कि स्टेशन-वार या राज्य-वार। राजस्थान पांच क्षेत्रीय रेलों नामतः उत्तर रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे, उत्तर पश्चिम रेलवे, पश्चिम रेलवे और पश्चिम मध्य रेलवे के क्षेत्राधिकार में आता है। इन क्षेत्रीय रेलों के लिए, वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 5,642 करोड़ रु. का आबंटन किया गया है, जिसमें से अब तक (जून, 2026 तक) 1,696 करोड़ रु. का व्यय उपगत किया गया है।

राजस्थान में माल यातायात टर्मिनल:

निजी निवेश के माध्यम से कार्गो टर्मिनलों की स्थापना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से, 'गति शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनल (जीसीटी)' नीति शुरू की गई है। गति शक्ति टर्मिनलों की अवस्थिति के संबंध में उद्योग से प्राप्त होने वाली मांग, कार्गो यातायात की संभाव्यता, रेल अवसंरचना की उपलब्धता और क्षेत्र की समग्र संभार तत्र संबंधी संभाव्यता के आधार पर निर्णय लिया जाता है। 

अभी तक, राजस्थान के 10 गति शक्ति कार्गो टर्मिनलों सहित 142 गति शक्ति कार्गो टर्मिनलों (जीसीटी) को कमीशन किया जा चुका है। कमीशन किए गए 142 गति शक्ति टर्मिनलों की अनुमानित माल सम्हलाई क्षमता प्रति वर्ष 224 मिलियन टन (एमटीपीए) है। इस नीति के अंतर्गत इन गति शक्ति टर्मिनलों के माध्यम से लगभग 10,000 करोड़ रु. का निजी निवेश जुटाया गया है। वर्ष 2025-26 के दौरान इन गति शक्ति टर्मिनलों में 146 मिलियन टन (एमटी) माल यातायात की सम्हलाई की गई। राजस्थान में कमीशन किए गए गति शक्ति टर्मिनल का विवरण निम्नानुसार है

क्र.सं.

सेवित किए जाने वाले स्टेशन/स्थान

1

केरला

2

मारवाड़ मूंडवा

3

खेमली

4

भूपाल सागर

5

सोनू

6

हनवंत

7

सुंडलक

8

माण्डलगढ़

9

न्यू सराधना

10

हिरनोदा

 

इसके अतिरिक्त, राजस्थान में 14 स्थानों सहित 310 और अधिक स्थानों पर गति शक्ति टर्मिनल के विकास के लिए सैद्धांतिक अनुमोदन प्रदान किया जा चुका है। 


(रिलीज़ आईडी: 2295940) आगंतुक पटल : 152
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English