कृषि एवं किसान कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने दिल्ली में की मुलाकात


एथेनॉल, राष्ट्रीय कृषि नीति, कृषि उत्पादों के विपणन सहित आयात शुल्क तथा फ्यूचर मार्केट पर हुई विस्तृत चर्चा

केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान बोले- किसान केंद्रित कृषि व्यवस्था के निर्माण के लिए मंत्रालय समर्पित

प्रविष्टि तिथि: 04 AUG 2026 3:50PM by PIB Delhi

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से आज नई दिल्ली स्थित कृषि भवन में विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुलाकात की और कृषि क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी मांगों से केंद्रीय कृषि मंत्री को अवगत कराया।

बैठक के दौरान एथेनॉल, राष्ट्रीय कृषि नीति, कृषि उत्पादों के विपणन में मौजूद बाधाओं को दूर करने के उपाय, आयात शुल्क (इम्पोर्ट ड्यूटी) तथा फ्यूचर मार्केट सहित विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।

किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि देश में एथेनॉल के विरुद्ध एक सुनियोजित दुष्प्रचार चलाया जा रहा है। उनका कहना था कि किसानों की आय बढ़ाने, कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देने तथा ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर एथेनॉल उत्पादन आवश्यक है। उन्होंने इस संबंध में सकारात्मक जन-जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

प्रतिनिधियों ने केंद्रीय कृषि मंत्री से आग्रह किया कि आयात शुल्क, फ्यूचर मार्केट, कृषि उत्पादों के विपणन तथा राष्ट्रीय कृषि नीति जैसे विषयों पर ऐसी व्यापक एवं दीर्घकालिक रणनीति तैयार की जाए जो भारतीय कृषि और किसानों के हितों के अनुरूप होने के साथ-साथ पर्यावरण के लिए भी लाभकारी हो।

बैठक के दौरान श्री चौहान ने किसान संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा रखे गए सुझावों और विचारों को गंभीरता से सुना तथा कहा कि किसानों के हितों की रक्षा और कृषि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार सभी संबंधित पक्षों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों पर समुचित विचार किया जाएगा ताकि भारतीय कृषि को अधिक सशक्त, टिकाऊ और किसान-केंद्रित बनाया जा सके।

*****

आरसी/ एमएस


(रिलीज़ आईडी: 2294260) आगंतुक पटल : 156