आयुष
azadi ka amrit mahotsav

आयुष क्षेत्र में निवेश सुविधा: आयुष निवेश सारथी पोर्टल

प्रविष्टि तिथि: 24 JUL 2026 3:19PM by PIB Delhi

आयुष मंत्रालय ने 29 मई 2025 को आयुष निवेश सारथी पोर्टल शुरू किया इसका उद्देश्य पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों को देश के एक सशक्त आर्थिक क्षेत्र के रूप में बढ़ावा देना है। यह पोर्टल एक व्यापक निवेश सुविधा मंच के रूप में कार्य करता है और आयुष क्षेत्र में अवसरों को बढ़ावा देता है। यह औषधीय पौधों, उनसे प्राप्त उत्पादों और अर्क के व्यापार से संबंधित सूचनाओं के लिए एक वैश्विक केंद्र के रूप में कार्य करता है और आयुष उत्पादों के बढ़ते निर्यात बाजार को बढ़ावा देता है, साथ ही अनुसंधान और विकास के साथ-साथ उद्योग और शिक्षा जगत के बीच सहयोग को प्रोत्साहित करता है।

आयुष मंत्रालय ने आयुष निवेश सारथी पोर्टल के माध्यम से मौजूदा नीतिगत ढांचों और प्रोत्साहन संरचनाओं को समेकित किया है और एक एकीकृत इंटरफेस के तहत वास्तविक समय में निवेशकों की सहभागिता को सुगम बनाया है।

आयुष निवेश सारथी पोर्टल मुख्य रूप से निवेश को सुगम बनाने और सूचना प्रसारित करने का एक मंच है। हालांकि यह प्रत्यक्ष रूप से परियोजनाओं को लागू नहीं करता, रोजगार सृजित नहीं करता या परिचालन परियोजनाओं की निगरानी नहीं करता, फिर भी यह पोर्टल सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) सहित हितधारकों की एक विस्तृत श्रृंखला को निवेश के अवसरों, प्रासंगिक नीतियों, योजनाओं और आयुष सांख्यिकी को प्रदर्शित करके जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान करता है।

आयुष निवेश सारथी पोर्टल, आयुष क्षेत्र में निवेश के अवसरों, नीतियों, प्रोत्साहनों और नियामक प्रक्रियाओं के बारे में व्यापक जानकारी प्रदान करने के लिए विकसित एक निवेश सुविधा और सूचना प्रसार मंच है। यह पोर्टल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) या अनुसंधान एवं विकास (आर एंड डी) सहयोग को सुगम या संसाधित नहीं करता है।

आयुष निवेश सारथी पोर्टल निवेश को बढ़ावा देने और व्यापार प्रोत्साहन प्रदान करने का एक मंच है। हालांकि पोर्टल व्यक्तिगत लेन-देनों से संबंधित निर्यात आंकड़ों को सीधे तौर पर ट्रैक या आवंटित नहीं करता है, लेकिन इसकी शुरूआत से वैश्विक बाजारों में आयुष क्षेत्र में मजबूती आई है और देशवार बाजार संबंधी जानकारी, मानकों और प्रोत्साहन योजनाओं के प्रसार के माध्यम से निर्यातकों को सहायता मिली है। हालांकि, यह पोर्टल मुख्य रूप से निवेश को बढ़ावा देने के लिए बनाया गया है और आयुष उत्पादों से संबंधित निर्यात और आयात डेटा को ट्रैक नहीं करता है।

यह जानकारी आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री प्रतापराव जाधव ने आज लोकसभा में एक लिखित प्रश्न के उत्तर में दी।

***

पीके/केसी/पीपी/एमबी


(रिलीज़ आईडी: 2292896) आगंतुक पटल : 21
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English