उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय
प्रविष्टि तिथि:
31 JUL 2026 5:28PM by PIB Bhopal
भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), भोपाल शाखा कार्यालय (BPBO) द्वारा लोक निर्माण विभाग (बिल्डिंग), मध्य प्रदेश शासन के सहयोग से 31 जुलाई 2026 को होटल एचआरजे सरोवर पोर्टिको, इंदौर में पीडब्ल्यूडी (बिल्डिंग) अभियंताओं के लिए एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में इंदौर संभाग के पीडब्ल्यूडी (बिल्डिंग) विभाग के लगभग 40 अभियंताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य भवन निर्माण एवं संबंधित कार्यों में भारतीय मानकों के प्रभावी उपयोग, गुणवत्ता नियंत्रण तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं के बारे में अभियंताओं की तकनीकी क्षमता को सुदृढ़ करना था।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में श्री संजय कुमार विश्वकर्मा, वैज्ञानिक-सी/उप निदेशक, बीआईएस, भोपाल शाखा कार्यालय ने श्री सुरेंद्र राव गोरखेड़े, मुख्य अभियंता, पीडब्ल्यूडी (बिल्डिंग), इंदौर तथा डॉ. आर. पी. देवांगन, पूर्व डिप्टी जनरल मैनेजर (सिविल), BSP भिलाई एवं बीआईएस रिसोर्स पर्सन का स्वागत किया। श्री संजय कुमार विश्वकर्मा ने भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), इसकी भूमिका, मानकीकरण, अनुरूपता मूल्यांकन एवं गुणवत्ता आश्वासन पर प्रस्तुतीकरण भी दिया। उन्होंने भवन निर्माण कार्यों में भारतीय मानकों के प्रभावी अनुपालन के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर श्री सुरेंद्र राव गोरखेड़े, मुख्य अभियंता, पीडब्ल्यूडी (बिल्डिंग), इंदौर ने भवन निर्माण में गुणवत्ता, सुरक्षा एवं टिकाऊपन सुनिश्चित करने के लिए भारतीय मानकों के अनुपालन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विभागीय कार्यों में मानकों के प्रभावी उपयोग तथा निर्माण स्थलों पर गुणवत्ता नियंत्रण को और सुदृढ़ करने के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. आर. पी. देवांगन, बीआईएस रिसोर्स पर्सन ने भवन निर्माण से संबंधित भारतीय मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण तथा निर्माण स्थलों पर आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तृत तकनीकी जानकारी प्रदान की। उन्होंने प्रतिभागी अभियंताओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान करते हुए भारतीय मानकों के व्यावहारिक अनुप्रयोग से संबंधित विभिन्न पहलुओं को स्पष्ट किया।
कार्यक्रम में अभियंताओं को राष्ट्रीय भवन निर्माण मानक 2026 एवं उससे संबंधित भारतीय मानकों तथा सीमेंट, स्टील, कंक्रीट, ईंट एवं एग्रीगेट जैसी प्रमुख निर्माण सामग्री से संबंधित मानकों के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही भवनों की संरचनात्मक सुरक्षा, भूकंपरोधी डिजाइन एवं अग्नि सुरक्षा से संबंधित मानकों पर भी चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त, विद्युत सुरक्षा, जल आपूर्ति, प्लम्बिंग एवं स्वच्छता, गुणवत्ता नियंत्रण, सामग्री परीक्षण, निरीक्षण प्रक्रियाओं तथा निर्माण स्थलों पर अच्छे अभियांत्रिकीय अभ्यासों से संबंधित मानकों पर भी प्रतिभागियों को जानकारी प्रदान की गई। हरित एवं सतत भवनों तथा ऊर्जा दक्ष निर्माण से संबंधित मानक प्रावधानों पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में प्रस्तुतीकरण, वीडियो, केस स्टडी एवं इंटरैक्टिव चर्चा के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। अभियंताओं ने विभागीय कार्यों में भारतीय मानकों के बेहतर उपयोग, निविदा दस्तावेजों एवं अनुमानों में मानक संदर्भों को शामिल करने तथा निर्माण स्थलों पर गुणवत्ता निगरानी को सुदृढ़ करने से संबंधित अपने अनुभव एवं सुझाव भी साझा किए। क्षमता निर्माण कार्यक्रम ने पीडब्ल्यूडी (बिल्डिंग) अभियंताओं की भारतीय मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण एवं निर्माण सुरक्षा से संबंधित तकनीकी समझ को मजबूत किया। कार्यक्रम ने बीआईएस एवं लोक निर्माण विभाग के बीच तकनीकी सहयोग को सुदृढ़ करने तथा निर्माण क्षेत्र में गुणवत्ता, सुरक्षा और मानकीकरण की संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
***