उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय
प्रविष्टि तिथि:
30 JUL 2026 5:16PM by PIB Bhopal
भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), भोपाल शाखा कार्यालय (BPBO) द्वारा “इलेक्ट्रिक कृषि ट्रैक्टर — परीक्षण संहिता (IS 19262:2025)” विषय पर ‘मानक मंथन’ कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को आईसीएआर–केंद्रीय कृषि अभियांत्रिकी संस्थान (ICAR-CIAE), भोपाल में किया गया। कार्यक्रम में लगभग 30 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें ICAR-CIAE, केंद्रीय कृषि मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान (CMFTTI) के वैज्ञानिक एवं तकनीकी विशेषज्ञ तथा इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर निर्माता शामिल थे।
कार्यक्रम का उद्देश्य IS 19262:2025 के प्रावधानों पर विशेषज्ञों एवं उद्योग जगत के हितधारकों के साथ विचार-विमर्श कर इसके प्रभावी कार्यान्वयन तथा भविष्य में सुधार के लिए तकनीकी सुझाव एवं टिप्पणियां प्राप्त करना था। डॉ. सी. आर. मेहता, निदेशक, ICAR-CIAE ने कहा कि उभरती कृषि प्रौद्योगिकियों के लिए व्यावहारिक एवं प्रभावी मानकों के विकास में मानकीकरण संस्थाओं, अनुसंधान संस्थानों, परीक्षण संगठनों तथा उद्योग के बीच समन्वित सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे संवादात्मक मंच नवाचार को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित कृषि प्रौद्योगिकियों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

आशुतोष राय ने भारतीय मानक ब्यूरो की भूमिका, भारतीय मानकों के विकास की प्रक्रिया तथा मानकीकरण में हितधारकों की सक्रिय भागीदारी के महत्व पर प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि ‘मानक मंथन’ विशेषज्ञों, उद्योग प्रतिनिधियों एवं अन्य हितधारकों को अपने तकनीकी अनुभव, व्यावहारिक सुझाव और आवश्यक सुधार साझा करने का प्रभावी मंच उपलब्ध कराता है, जिससे भारतीय मानकों को समयानुकूल एवं अधिक उपयोगी बनाया जा सके।
IS 19262:2025 – इलेक्ट्रिक कृषि ट्रैक्टर — परीक्षण संहिता पर विस्तृत तकनीकी प्रस्तुतीकरण डॉ. एस. पी. सिंह, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर, ICAR-CIAE द्वारा दिया गया। प्रस्तुतीकरण के दौरान मानक के विभिन्न प्रावधानों, परीक्षण प्रक्रियाओं एवं तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
वैज्ञानिकों, परीक्षण विशेषज्ञों एवं इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर निर्माताओं के साथ विस्तृत संवाद आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने मानक की प्रयोज्यता, कार्यान्वयन से जुड़ी चुनौतियों, व्यावहारिक अनुभवों तथा सुधार संबंधी सुझाव साझा किए। विचार-विमर्श के दौरान प्राप्त तकनीकी एवं व्यावहारिक सुझाव भविष्य में मानक की समीक्षा तथा उसे अधिक प्रभावी, व्यवहारिक एवं उद्योगोन्मुख बनाने में उपयोगी सिद्ध होंगे।
****