इस्‍पात मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर जेएलएन अस्पताल में चिकित्सकों का सम्मान, रक्तदान से दिया मानव सेवा का संदेश

प्रविष्टि तिथि: 02 JUL 2026 6:11PM by PIB Raipur

भिलाई इस्पात संयंत्र के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस-2026 के अवसर पर गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महान चिकित्सक, शिक्षाविद् एवं समाजसेवी डॉ. बिधान चंद्र रॉय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के उपलक्ष्य में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), दुर्ग शाखा के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में चिकित्सकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया तथा समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

इस अवसर पर चिकित्सकों ने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने रोगियों को गुणवत्तापूर्ण, संवेदनशील एवं समर्पित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प दोहराया। उल्लेखनीय है कि भारत में प्रतिवर्ष 1 जुलाई को महान चिकित्सक, शिक्षाविद्, समाजसेवी तथा पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चंद्र रॉय की जयंती एवं पुण्यतिथि के अवसर पर राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य चिकित्सकों के अमूल्य योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करना तथा समाज में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है।

इस अवसर पर उपस्थित चिकित्सकों एवं अधिकारियों ने डॉ. रॉय के चिकित्सा सेवा के प्रति समर्पण को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए समाज के प्रति चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशलेन्द्र ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय कुमार तथा इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), दुर्ग शाखा के अध्यक्ष डॉ. रजनीश मल्होत्रा सहित अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान चिकित्सकों के सम्मान में विशेष ‘स्कार्फ समारोह’ आयोजित किया गया। इस अवसर पर चिकित्सा समुदाय की सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं का सम्मान करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन चिकित्सकों के बीच आपसी सहयोग, टीम भावना तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ करते हैं।

*****


आरडीजे/बीकेटी


(रिलीज़ आईडी: 2280436) आगंतुक पटल : 19
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English