नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

मध्यप्रदेश बना देश में सबसे सस्ती ग्रीन एनर्जी का मॉडल; केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी

केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया 950 मेगावाट के सोलर पार्कों का लोकार्पण

नीमच (500 MW) और शाजापुर (450 MW) सोलर पार्क देश को समर्पित; ₹2.14 प्रति यूनिट की रिकॉर्ड न्यूनतम दर पर मिलेगी बिजली।

प्रधानमंत्री मोदी के नेट-जीरो विजन और देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को गति दे रहा है मध्यप्रदेश।- केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी

प्रविष्टि तिथि: 29 JUN 2026 6:27PM by PIB Bhopal

केन्द्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री प्रल्हाद जोशी और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज एक भव्य कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के सौर ऊर्जा क्षेत्र को एक नई और ऐतिहासिक ऊंचाई दी। दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से कुल 950 मेगावाट क्षमता के दो विशाल सौर ऊर्जा संयंत्रों—500 मेगावाट क्षमता के नीमच सोलर पार्क और 450 मेगावाट क्षमता के शाजापुर सोलर पार्क का लोकार्पण कर देश को समर्पित किया। 

इस अवसर पर राज्य के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला भी उपस्थित रहे। लोकार्पण के बाद केंद्रीय मंत्री श्री प्रल्हाद जोशी ने मध्यप्रदेश सरकार, बिजली उपभोक्ताओं और वहां के नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश ने सौर ऊर्जा की दरों के मामले में पूरे देश के सामने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। गांधीसागर में बनने वाला 1920 मेगावाट का पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट, चालू होने के बाद भारत का सबसे बड़ा ऐसा प्रोजेक्ट होगा। यह एक बहुत बड़ा कदम है, जिससे सूरज ढलने के बाद भी लोगों को सस्ती और लगातार क्लीन एनर्जी (बिजली) मिलती रहेगी। साथ ही, इससे मध्य प्रदेश ग्रीन एनर्जी के मामले में और भी मजबूत राज्य बन जाएगा|

केंद्रीय मंत्री ने कहा "आज का दिन भारत के हरित ऊर्जा संक्रमण (Green Energy Transition) के इतिहास में मील का पत्थर है। नीमच सोलर पार्क के लिए ₹2.14 से ₹2.15 प्रति यूनिट और शाजापुर सोलर पार्क के लिए ₹2.33 से ₹2.35 प्रति यूनिट की दरें हासिल की गई हैं, जो पूरे देश में सबसे कम और बेहद प्रतिस्पर्धी दरों में से हैं। 

केंद्रीय मंत्री ने राज्य के पहले सोलर स्टोरेज प्रोजेक्ट (Morena Project) के लिए हुए समझौते की सराहना करते हुए कहा कि केवल सौर ऊर्जा बनाना ही काफी नहीं है, बल्कि रात के समय या जरूरत पड़ने पर ग्रिड को स्थिर रखने के लिए बैटरी स्टोरेज की तकनीक बेहद जरूरी है। मुरैना प्रोजेक्ट के लिए देश में सबसे कम ₹2.70 प्रति यूनिट (स्टोरेज के साथ) की दर आना यह साबित करता है कि भारत अब तकनीक और वित्तीय व्यवहार्यता दोनों में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नीमच में नीमच व शाजापुर सोलर पार्क का उद्घाटन एवं औद्योगिक इकाइयों और विभिन्न विकास कार्यों के भूमि-पूजन व लोकार्पण कार्यक्रम में छात्राओं, कामकाजी युवतियों एवं महिलाओं को हेलमेट वितरित किए। मुख्यमंत्री और माननीय मंत्री जी ने हवाई जहाज़ (या हेलीकॉप्टर) से सोलर पार्कों और पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट का जायजा लिया। 

सौर परियोजनाओं के लोकार्पण के साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री श्री प्रल्हाद जोशी ने राज्य में औद्योगिक विकास और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए ₹1,593.98 करोड़ की लागत वाली विभिन्न औद्योगिक इकाइयों और विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन और शिलान्यास भी किया। केंद्रीय मंत्री ने दोहराया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 'पंचामृत' लक्ष्यों और साल 2070 तक भारत को 'नेट-जीरो' (जीरो कार्बन उत्सर्जन) बनाने के संकल्प को पूरा करने में मध्यप्रदेश एक अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। 

***

MG/PD/AV


(रिलीज़ आईडी: 2279097) आगंतुक पटल : 22
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English