गृह मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

ऑपरेशन युवा रक्षा के अंतर्गत पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन

प्रविष्टि तिथि: 14 JUN 2026 9:45PM by PIB Jaipur

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) द्वारा अपनी प्रमुख नशा विरोधी जन-जागरुकता पहल “ऑपरेशन युवा रक्षा” के अंतर्गत पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता के द्वितीय संस्करण का सफल आयोजन 14 जून 2026 को प्रातः 9:00 बजे से स्वामी दयानंद सरस्वती सामुदायिक भवन, सेक्टर सी, तलवंडी में किया गया। प्रतियोगिता का विषय “ड्रग्स आउट, ड्रीम्स इन” रखा गया था, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रह्माकुमारी समूह द्वारा प्रस्तुत नशा जागरुकता नाटक से हुआ, जिसने नशे की लत के दुष्प्रभावों और जीवन में सकारात्मक विकल्प चुनने के महत्व का प्रभावशाली संदेश दिया।

प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12 तक के लगभग 150 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विषय पर आधारित प्रभावशाली पोस्टरों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। कई विद्यार्थियों ने अपने पोस्टरों के पीछे की सोच और संदेश को भी साझा किया तथा कोटा को नशामुक्त बनाने और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अभिभावकों की भी सक्रिय सहभागिता रही। उन्होंने अपने विचार व्यक्त करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का समर्थन किया। प्रतियोगिता के आयोजन में कोटा के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों एवं शैक्षणिक संगठनों का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई। इस्कॉन समूह ने सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थितजनों को नींबू पानी वितरित कर सहयोग प्रदान किया। वहीं आर्टन्स अकादमी के स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम के सुचारु संचालन एवं प्रबंधन में सक्रिय भूमिका निभाई।

यह प्रतियोगिता युवाओं को कला और रचनात्मकता के माध्यम से स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करने में सफल रही। प्रतियोगिता के दूसरे संस्करण को प्रतिभागियों से अत्यंत उत्साहजनक प्रतिसाद प्राप्त हुआ और यह ऑपरेशन युवा रक्षा के अंतर्गत एक सफल जन-जागरुकता अभियान सिद्ध हुआ।

पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता के परिणाम एवं विजेताओं की घोषणा इस माह के अंत में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो द्वारा आयोजित “नशीली दवाओं के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय दिवस” के अवसर पर की जाएगी।

ऐसी पहलों के माध्यम से केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो युवाओं एवं समाज को जोड़ते हुए नशामुक्त कोटा और नशामुक्त भारत के सामूहिक लक्ष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर आगे बढ़ा रहा है।


(रिलीज़ आईडी: 2272789) आगंतुक पटल : 84