श्रम और रोजगार मंत्रालय
बोकारो स्टील प्लांट के संविदा श्रमिकों के लिए महत्वपूर्ण समझौता
प्रविष्टि तिथि:
12 JUN 2026 8:14PM by PIB Ranchi
मुख्य श्रम आयुक्त (केन्द्रीय), श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन कार्यरत सहायक श्रम आयुक्त (केन्द्रीय), धनबाद-II के प्रयासों से बोकारो स्टील प्लांट, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड में कार्यरत संविदा श्रमिकों से जुड़े औद्योगिक विवाद में महत्वपूर्ण समझौता हुआ है।
यह विवाद क्रांतिकारी इस्पात मजदूर संघ, बोकारो द्वारा संविदा श्रमिकों की मांगों को लेकर उठाया गया था। कई दौर की सुलह कार्यवाही के बाद दिनांक 09.06.2026 को बोकारो स्टील प्लांट प्रबंधन और यूनियन के बीच औद्योगिक संबंध संहिता, 2020 के तहत समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौते से बोकारो स्टील प्लांट में कार्यरत लगभग 8,376 संविदा श्रमिकों को करीब ₹342 करोड़ का लाभ मिलने की संभावना है।
समझौते में संविदा श्रमिकों के लिए ₹4 लाख प्रति वर्ष का समूह स्वास्थ्य बीमा, सुरक्षा उपकरण एवं व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण, वैधानिक बोनस का समय पर भुगतान, अनिवार्य चिकित्सा जांच की सुविधा, तथा लागू नियमों के अनुसार जन्मतिथि अभिलेखों में सुधार से जुड़े मामलों की जांचजैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।
यह समझौता बोकारो स्टील प्लांट में औद्योगिक शांति, श्रमिक कल्याण, सुरक्षा और वैधानिक अनुपालन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
(रिलीज़ आईडी: 2272328)
आगंतुक पटल : 25
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English