श्रम और रोजगार मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

ईएसआईसी ने रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने हेतु अस्पतालों एवं औषधालयों में केंद्रीकृत ऑनलाइन रोगी फीडबैक प्रणाली शुरू की

लाभार्थी अब स्वच्छता, कर्मचारियों के व्यवहार तथा दवाओं की उपलब्धता के संबंध में विभिन्न डिजिटल माध्यमों से सीधे अपनी प्रतिक्रिया दर्ज कर सकेंगे

प्रणाली ओटीपी सत्यापन, बहुभाषीय सहायता तथा रियल-टाइम मॉनिटरिंग डैशबोर्ड से युक्त है, जो 3 से कम रेटिंग मिलने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई हेतु स्वतः संकेत (फ्लैग) प्रदान करती है

प्रविष्टि तिथि: 03 JUN 2026 6:32PM by PIB Raipur

सेवा गुणवत्ता में सुधार तथा रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीन कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) ने देशभर के अपने सभी अस्पतालों एवं औषधालयों में एक व्यापक केंद्रीकृत ऑनलाइन रोगी फीडबैक प्रणाली सफलतापूर्वक लागू कर दी है। यह डिजिटल पहल बीमित व्यक्तियों (आईपी) एवं अन्य लाभार्थियों को अपने स्वास्थ्य सेवा अनुभवों को सहजता से साझा करने, विशिष्ट समस्याओं को दर्ज कराने तथा संस्थागत सुधार हेतु उपयोगी सुझाव देने में सक्षम बनाती है। यह मंच नागरिकों से सीधे महत्वपूर्ण सेवा मानकों पर प्रतिक्रिया प्राप्त करने के लिए तैयार किया गया है, जिनमें विशेष रूप से स्वास्थ्य संस्थान की स्वच्छता, चिकित्सा कर्मियों का व्यवहार तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता शामिल है।  

अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने तथा उपयोग में पूर्ण सरलता प्रदान करने के उद्देश्य से लाभार्थियों के लिए फीडबैक दर्ज करने के अनेक माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं। इसके तहत ईएसआईसी एचआईएस (धन्वन्तरि) मॉड्यूल के माध्यम से सेवा प्राप्त करने के तुरंत बाद बीमित व्यक्ति को एसएमएस द्वारा एक प्रत्यक्ष फीडबैक लिंक भेजा जाता है। इसके अलावा, सभी ओपीडी एवं अस्पताल परिसरों में प्रमुख स्थानों पर लगाए गए अनुकूलित बहुभाषीय पोस्टरों पर प्रदर्शित क्यूआर कोड को स्कैन कर अथवा ईएसआईसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भी लाभार्थी सीधे अपनी प्रतिक्रिया दर्ज कर सकते हैं। 

उपयोगकर्ता-अनुकूल इंटरफेस के माध्यम से रोगियों को केवल अपने मोबाइल फोन से क्यूआर कोड स्कैन करना, अपना आईपी नंबर दर्ज करना, सेवा अनुभव को रेट करना तथा कुछ ही सेकंड में अपनी प्रतिक्रिया प्रस्तुत करनी होती है।  फीडबैक तंत्र की प्रामाणिकता सुनिश्चित करने के लिए इस प्रणाली में ओटीपी सत्यापन प्रक्रिया के माध्यम से बीमित व्यक्ति के विवरण का रियल-टाइम सत्यापन किया जाता है तथा दोहराई गई प्रतिक्रियाओं को रोकने के लिए सख्त व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त, यह फीडबैक मंच भारत के विविध कार्यबल की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए व्यापक बहुभाषीय सहायता भी प्रदान करता है। रोगियों की प्रतिक्रिया को तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई में परिवर्तित करने के उद्देश्य से इस प्रणाली में भूमिका-आधारित (Role-Based) डिजिटल डैशबोर्ड सम्मिलित किए गए हैं, जिनके माध्यम से मुख्यालय स्तर, क्षेत्रीय कार्यालय स्तर तथा स्थानीय ईएसआईसी स्वास्थ्य संस्थान स्तर पर निरंतर एवं रियल-टाइम प्रदर्शन निगरानी संभव हो सकेगी। 


 विशेष रूप से, यह प्रणाली 3 से कम प्राप्त होने वाली किसी भी सेवा रेटिंग को स्वतः चिन्हित (फ्लैग) करने के लिए प्रोग्राम की गई है। यह स्वचालित अलर्ट तंत्र संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं लक्षित सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने में सहायता प्रदान करता है। इसके अतिरिक्त, यह मंच सभी स्वास्थ्य संस्थानों की प्रदर्शन-आधारित रैंकिंग का भी समर्थन करता है, जिससे निरंतर सुधार, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा तथा संस्थागत जवाबदेही की संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। देश के श्रमिक वर्ग के प्रति अपनी मूल प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित करते हुए यह पहल ईएसआईसी के उस संकल्प का प्रमाण है, जो इसके ध्येय वाक्य में परिलक्षित होता है।


******


आरडीजे/पीजे


(रिलीज़ आईडी: 2268558) आगंतुक पटल : 9
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English