पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सीएक्‍यूएम ने गाज़ियाबाद में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया और वायु गुणवत्‍ता के लिए धूल नियंत्रित करने के कड़े उपाय करने का आदेश दिया

प्रविष्टि तिथि: 27 MAY 2026 9:21PM by PIB Delhi

एनसीआर और आसपास के इलाकों में वायु गुणवत्‍ता प्रबंधन आयोग (सीएक्‍यूएम) ने 26.05.2026 को गाज़ियाबाद में एक विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य सड़कों पर दिखाई देने वाली धूल के स्तर का आकलन करना तथा गाजियाबाद नगर निगम द्वारा किए जा रहे सड़क सफाई और झाड़ू लगाने के कार्यों की समीक्षा करना था।

निरीक्षण अभियान के लिए आयोग ने दस फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात किए, जिन्होंने गाज़ियाबाद नगर निगम के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न सड़क मार्गों और क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुल चार ज़ोन/क्षेत्रों को शामिल किया गया।

मैदानी निरीक्षण के दौरान सड़कों पर अत्यधिक दिखाई देने वाली धूल तथा निर्माण एवं विध्वंस (सी और डी) कचरे के जमाव के 24 मामले विभिन्न स्थानों पर पाए गए। उल्लंघन सूरदास मार्ग, मेरठ रोड, टैगोर रोड, बी. एन. शर्मा रोड, सेंट थॉमस मार्ग, महाराणा प्रताप मार्ग, इंडस्ट्रियल एरिया रोड (ई ब्लॉक) आदि विभिन्न सड़क मार्गों पर चिन्हित किए गए।

निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि कई सड़क मार्गों पर नियमित सफाई कार्यों में कमी, धूल नियंत्रित करने के अपर्याप्त उपाय तथा निर्माण एवं विध्वंस (सीऔरडी) कचरे के अनुचित प्रबंधन और निस्तारण जैसी समस्याएँ मौजूद थीं।

आयोग ने व्यापक गहन सफाई कार्यों के माध्‍यम से धूल कम करने के उपायों में तेजी लाने, मशीनों से सड़क की नियमित सफाई, लक्षित जल छिड़काव तथा जमा हुए सीऔरडी कचरे को तुरंत हटाने और वैज्ञानिक तरीके से निपटारा करने के निर्देश दिए हैं।

साथ ही, गाजियाबाद नगर निगम को निगरानी और प्रवर्तन तंत्र को मजबूत करने की सलाह दी गई है, ताकि अवैध कचरा डंपिंग को रोका जा सके और क्षेत्र में वायु प्रदूषण नियंत्रण के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

आयोग ने जोर देते हुए कहा कि निर्धारित धूल नियंत्रण उपायों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही तथा संबंधित अधिकारियों की उदासीनता को गंभीरता से लिया जाएगा। संबंधित प्राधिकरणों को ऐसी कमियों के लिए जवाबदेही तय करने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की सलाह दी गई है।

आयोग ने यह भी कहा कि सड़क की धूल शहरी क्षेत्रों में पार्टिकुलेट मैटर (पीएम) स्तर बढ़ाने में एक प्रमुख कारण बनी हुई है, जिसके लिए सभी संबंधित एजेंसियों द्वारा केंद्रित और लक्षित नियंत्रण प्रयासों की आवश्यकता है। इस दौरान लगातार जमीनी स्तर पर निगरानी और प्रभावी धूल नियंत्रण उपायों के कार्यान्वयन पर विशेष बल दिया गया।

आयोग ने आगे दोहराया कि ‘ऑपरेशन क्लीन एयर’ के तहत निरीक्षण अभियान दिल्ली-एनसीआर में लगातार जारी रहेंगे, ताकि वायु प्रदूषण के हॉटस्पॉट्स की पहचान की जा सके और स्थानीय प्रदूषण स्रोतों को नियंत्रित किया जा सके।

संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों ने आयोग को आश्वासन दिया कि निरीक्षण अभियान के दौरान सामने आए अवलोकनों के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम शीघ्रता से उठाए जाएंगे।

*****

पीके/केसी/केपी
 


(रिलीज़ आईडी: 2266113) आगंतुक पटल : 61
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English