वित्त मंत्रालय
डीआरआई ने गोरखपुर में जब्त की विदेशी मूल की 3,00,000 सिगरेट
प्रविष्टि तिथि:
24 MAY 2026 5:38PM by PIB Lucknow
विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर डीआरआई के अधिकारियों ने 23.05.2026 की सुबह तड़के गोरखपुर में, असम से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे एक संदिग्ध ट्रक को रोका, जिसमें म्यांमार से भारत में तस्करी कर लाई गई विदेशी मूल की सिगरेटें ले जाए जाने की सूचना थी।

ट्रक की गहन तलाशी लेने पर पाया गया कि उसमें 9.42 मीट्रिक टन बांस के टुकड़े लदे हुए थे तथा चालक के केबिन के पीछे वेल्डेड स्टील पार्टिशन का उपयोग करके एक बेहद चतुराई से बनाया गया गुप्त कक्ष तैयार किया गया था। इस गुप्त कक्ष के अंदर विदेशी मूल की “ESSE Lights Super Slim” ब्रांड की सिगरेटों से भरे 30 कार्टन बरामद किए गए। इन 30 कार्टन से बरामद कुल 3,00,000 सिगरेट स्टिक की कीमत अवैध बाजार में लगभग ₹45 लाख है ।
बरामद सिगरेट को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 110 तथा सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA), 2003 के तहत जब्त किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
पिछले आठ महीनों में डीआरआई ने उत्तर प्रदेश में अलग-अलग मामलों में विदेशी मूल की कुल 15,32,000 सिगरेट स्टिक, जिनका मूल्य ₹2.32 करोड़ है, जब्त की हैं।
****
(रिलीज़ आईडी: 2264789)
आगंतुक पटल : 6
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English