प्रविष्टि तिथि:
12 MAY 2026 5:04PM by PIB Bhopal
मध्य प्रदेश में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना का फील्ड कार्य 01 मई से प्रारंभ हो चुका है जो 30 मई 2026 तक चलेगा। इस अभियान के तहत राज्य के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर प्रत्येक मकान, परिवार एवं अन्य संरचनाओं से संबंधित जानकारी डिजिटल माध्यम से संकलित की जा रही है।
राज्य में जनगणना कार्य निर्धारित समय-सीमा के अनुसार निरंतर प्रगति पर है। पूरे प्रदेश में 1,37,000 से अधिक मकानसूचीकरण ब्लॉक बनाये गए है जिनमें प्रगणकों द्वारा जानकारी संकलित की जा रही है। 12 मई को रिपोर्ट लिखे जाने तक 1,84,92,860 मकानों की गणना पूर्ण की जा चुकी है वही रायसेन जिले में मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना का फील्ड कार्य पूर्ण हो चुका है।
इसके पूर्व मध्य प्रदेश में स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया 16 से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित की गई थी, जिसमें मध्य प्रदेश के निवासियों द्वारा उत्साहपूर्वक सहभागिता की गई। इस अवधि में प्रदेश में कुल 7.46,158 परिवारों द्वारा स्व-गणना सफलतापूर्वक पूर्ण की गईं, जिससे जनगणना कार्य को गति एवं सहयोग प्राप्त हुआ। इस बार जनगणना की प्रक्रिया पूर्णतः डिजिटल माध्यम से संचालित की जा रही है। प्रगणकों द्वारा मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से जानकारी दर्ज की जा रही है तथा कार्य की निगरानी भी डिजिटल प्रणाली के माध्यम से की जा रही है, जिससे कार्य की गुणवत्ता एवं गति सुनिश्चित हो रही है।
मध्य प्रदेश के निवासियों से आग्रह है कि प्रगणकों को आवश्यक एवं सही जानकारी उपलब्ध कराकर जनगणना कार्य में सहयोग प्रदान करें। जनगणना से प्राप्त आँकड़े शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों एवं विकास कार्यक्रमों के निर्माण में महत्वपूर्ण आधार बनते हैं। मध्यप्रदेश में जनगणना कार्य को सफल बनाने हेतु जिला प्रशासन, जनगणना अधिकारियों, प्रगणकों एवं आमजन द्वारा सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
***
MG/AU/AV/CY