संचार मंत्रालय
केंद्रीय संचार मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया, दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता और संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने नवीनीकृत नेहरू प्लेस डाकघर का लोकार्पण किया
भारतीय डाक आधुनिकीकरण द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत 2047 के भविष्य दृष्टिकोण को आगे बढा रहा है
स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर द्वारा तैयार डिजाइन से नेहरू प्लेस डाकघर का नवीनीकरण; आधुनिकीकरण के लिए 120 और डाकघरों की पहचान की गई
प्रविष्टि तिथि:
07 MAY 2026 6:50PM by PIB Delhi
केंद्रीय संचार और उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया , दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता और संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने आज नई दिल्ली में नवीनीकृत नेहरू प्लेस डाकघर को जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर डाक सचिव श्रीमती वंदिता कौल, डाक सेवा महानिदेशक श्री जितेंद्र गुप्ता, दिल्ली सर्कल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल श्री अखिलेश पांडे तथा डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
(संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया, दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता और संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. चंद्र शेखर पेम्मासानी, नई दिल्ली स्थित नेहरू प्लेस डाकघर के पुनर्रुद्धार के उद्घाटन के दौरान।)
इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कहा कि भारतीय डाक-इंडिया पोस्ट देश के सबसे भरोसेमंद संस्थानों में से एक है और वित्तीय समावेशन, सेवा वितरण और राष्ट्रीय संपर्क में वह महत्वपूर्ण भूमिका निभाती आ रही है। डाक नेटवर्क की अहम भूमिका का करते हुए उन्होंने कहा कि जिस प्रकार रक्त ले जाने वाली धमनियां मानव शरीर को जीवन देती हैं, उसी प्रकार डाक विभाग अपने व्यापक नेटवर्क और डाकिया सहित समर्पित कार्यबल, से देश के हर कोने को जोड़ता है और सेवा प्रदान करता है।
केंद्रीय संचार मंत्री ने जोर देकर कहा कि बदलते समय के साथ पुरानी संस्थाओं को विकसित होना चाहिए। उन्होंने विभाग द्वारा बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण, प्रचालन क्षमताओं को मजबूत बनाने और ग्राहक-केंद्रित सेवाओं और अनुभव को बेहतर बनाने के प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नवीनीकृत डाकघर बेहतर, कुशल, डिजिटलयुक्त और नागरिक-अनुकूल सार्वजनिक सेवा केंद्र बनाने की विभाग की प्रतिबद्धता दर्शाता है।
संचार मंत्री ने बताया कि विभाग ने अपने सूचना प्रौद्योगिकी बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण में लगभग 5 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया है और पिछले एक वर्ष में उन्नत डाक प्रौद्योगिकी स्थापित की है। इस बदलाव के तहत, विभाग ने कई नागरिक-केंद्रित सुधार आरंभ किए हैं, जिनमें यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस-सक्षम सेवाएं, ओटीपी-आधारित डिलीवरी सेवा, 24 घंटे और विस्तारित समय में संचालित डाकघर, और प्रमुख महानगरों में 24 घंटे में स्पीड पोस्ट तथा 48 घंटे में स्पीड पोस्ट जैसी समयबद्ध सेवाएं शामिल हैं।
भारतीय डाक के संचालन की व्यापकता का उल्लेख करते हुए, श्री सिंधिया ने कहा कि विभाग देश भर में 1.65 लाख से अधिक डाकघर संचालित करता है, सालाना लगभग 90 करोड़ पत्र और 7.5 करोड़ पार्सल वितरित करता है, और 23 लाख करोड़ रुपये से अधिक की जमा राशि वाले 40 करोड़ से अधिक डाकघर बचत बैंक खातों का प्रबंधन करता है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता इस अवसर पर देशव्यापी आधुनिकीकरण पहल के तहत देश के पहले उन्नत डाकघर के लिए राष्ट्रीय राजधानी का चयन करने के लिए दिल्ली के 3 करोड़ निवासियों की ओर से डाक विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डाकघरों का नवीनीकरण और कायाकल्प नागरिक-केंद्रित सार्वजनिक आधारभूत ढांचा सुदृढ करने की सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने भारतीय डाक के आधुनिक बहु-सेवा सार्वजनिक संस्थान में बदलाव की सराहना की, जिसके तहत बैंकिंग, आधार, पासपोर्ट, बीमा और डिजिटल सेवाएं एक ही छत के नीचे प्रदान की जा रही हैं। नवीनीकृत डाकघर के अपने दौरे का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नेहरू प्लेस का उन्नत डाकघर इतना प्रभावशाली है कि उसे देखकर सचमुच उनके मुंह से "वाह" निकल गया।
डॉ. चंद्र शेखर पेम्मासानी ने ग्राहकों की बदलती अपेक्षाएं पूरी करने के लिए आधुनिक और नागरिक-केंद्रित बुनियादी ढांचे मजबूत बनाने के महत्व पर बल दिया और "डाक सेवा, जन सेवा" के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि संस्थानों को समय के साथ आधुनिक बनना चाहिए और इस पर बल दिया कि विभाग का लक्ष्य भारतीय डाक को एक स्मारक की बजाय एक आंदोलन में बदलना है। उन्होंने ग्रामीण डाक सेवकों के योगदान की भी सराहना की और उन्हें देश में ग्रामीण डाक सेवाओं की रीढ़ बताया।
डाक सचिव श्रीमती वंदिता कौल ने कहा कि आधुनिकीकरण की इस पहल का उद्देश्य भारतीय डाक विभाग के प्रति जनविश्वास कायम रखते हुए ग्राहक अनुभव, परिचालन दक्षता और सेवा मानकों में सुधार करना है।


(नवीनीकृत नेहरू प्लेस डाकघर का बाहरी और आंतरिक दृश्य)
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया के मार्गदर्शन में, भारतीय डाक विभाग आधुनिकीकरण, डिजिटल सशक्तिकरण और नागरिक-केंद्रित सेवा वितरण पर केंद्रित बड़े बदलाव से गुजर रहा है, जो विकसित भारत 2047 की भविष्य दृष्टि का हिस्सा है।
दिल्ली के सबसे व्यस्त वाणिज्यिक केंद्रों में से एक नेहरू प्लेस में स्थित, इस डाकघर को 17 राज्यों के 40 डाकघरों में कार्यान्वित की जा रही 'प्रूफ ऑफ कॉन्सेप्ट' पहल के तहत पहले स्थान पर चुना गया है। यह पुनर्विकास नवीन भारत के लिए एक आधुनिक, प्रौद्योगिकी-सक्षम और नागरिक-केंद्रित डाक नेटवर्क के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
नेहरू प्लेस डाकघर का व्यापक नवीनीकरण नई दिल्ली स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर द्वारा डाक विभाग के सहयोग से विकसित डिजाइन मैनुअल के अनुरूप किया गया है। समकालीन सार्वजनिक वास्तुकला के दृष्टिकोण से तैयार इस नए डाकघर में विस्तृत स्थान, सुगम पहुंच और सार्वजनिक संपर्क को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया है। पुनर्निर्मित परिसर में मानकीकृत भारतीय डाक का अग्रभाग, चमकदार साइनबोर्ड, आधुनिक प्रतीक्षा क्षेत्र, मॉड्यूलर सेवा काउंटर, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, बाधा रहित पहुंच और डिजिटल युक्त एकीकृत सेवा क्षेत्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो लोगों को सहज और स्वागतपूर्ण अनुभव प्रदान करती हैं।
नेहरू प्लेस डाकघर का नवीनीकरण डाक विभाग के संकल्पित दृष्टिकोण को दर्शाता है जिसके तहत डाकघरों को जन सेवा संपर्क के आधुनिक केंद्रों में परिवर्तित करना है। इस पहल की सफलता को देखते हुए, डाक विभाग ने वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान देश भर में 120 और डाकघरों की इसी प्रकार के आधुनिकीकरण के लिए पहचान की है। डाकघर को सुविचारित तौर पर डिज़ाइन किए गए सार्वजनिक सेवा केंद्र में बदलने की पहल का उद्देश्य स्पीड पोस्ट, आधार सेवाएं, डाकघर बचत बैंक, पासपोर्ट सेवा केंद्र, डाक जीवन बीमा और डाक टिकट संग्रह सेवाओं सहित आवश्यक सेवाएं प्रदान करने वाले जीवंत सामुदायिक संपर्क केंद्रों के रूप में उनकी भूमिका मजबूत करना है।

आज, दिल्ली के नेहरू प्लेस में राज्य की लोकप्रिय मुख्यमंत्री श्रीमती @gupta_rekha जी के साथ संचार राज्य मंत्री श्री @PemmasaniOnX जी के साथ @IndiaPostOffice के नवीनीकृत डाक भवन का लोकार्पण किया। School of Planning and Architecture द्वारा डिज़ाइन किया गया यह डाक भवन अपने आप में… pic.twitter.com/cW0cN8agyg
— Jyotiraditya M. Scindia (@JM_Scindia) May 7, 2026
केंद्रीय मंत्री श्री @JM_Scindia जी का नई दिल्ली स्थित नेहरू प्लेस में @IndiaPostOffice के नवनिर्मित डाकघर के उद्घाटन समारोह में संबोधन https://t.co/da6LPFHM0l
— Office Of JM Scindia (@Officejmscindia) May 7, 2026
***
पीके/केसी/एकेवी/एमयू
(रिलीज़ आईडी: 2258862)
आगंतुक पटल : 79