उपभोक्‍ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भोपाल में भारतीय मानक ब्यूरो का उद्योग संवाद कार्यक्रम

प्रविष्टि तिथि: 11 APR 2026 7:20PM by PIB Bhopal

भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), भोपाल शाखा द्वारा 10 अप्रैल 2026 को गोविंदपुरा इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन के कन्वेंशन हॉल में एक उद्योग संघ कार्यक्रम आयोजित किया गया।  इस कार्यक्रम में 40 से अधिक निर्माताओं, व्यापारियों, एमएसएमई, आपूर्तिकर्ताओं, लाइसेंसधारकों एवं गैर-लाइसेंसधारकों उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य उद्योगों को बीआईएस की गतिविधियों, मानकों, प्रमाणन प्रक्रिया और हाल के बदलावों के बारे में सरल तरीके से जानकारी देना था।

कार्यक्रम की शुरुआत बीआईएस भोपाल के निदेशक एवं प्रमुख श्री मोहम्मद रिज़वान ने स्वागत भाषण के साथ की। उन्होंने उद्योगों से गुणवत्ता मानकों को अपनाने और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा में सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान एक संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें मानकीकरण, प्रमाणन प्रक्रिया, सैंपलिंग, बीआईएस केयर ऐप, हॉलमार्किंग, इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों के मानक और प्रबंधन प्रणाली प्रमाणन जैसे विषयों पर आसान भाषा में जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।

अंत में प्रश्नोत्तर सत्र में उद्योग प्रतिनिधियों ने अपने सवाल पूछे, जिनका बीआईएस अधिकारियों ने संतोषजनक जवाब दिया।

कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों के धन्यवाद के साथ हुआ। यह आयोजन उद्योगों में गुणवत्ता बढ़ाने और मानकों को मजबूत बनाने की दिशा में बीआईएस के प्रयासों को दर्शाता है।

***


(रिलीज़ आईडी: 2251174) आगंतुक पटल : 49