स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

एम्स रायपुर और श्री सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के बीच शैक्षणिक सहयोग हेतु एमओयू, स्वास्थ्य शिक्षा को मिलेगा नया आयाम

प्रविष्टि तिथि: 02 APR 2026 6:10PM by PIB Raipur

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, रायपुर ने स्वास्थ्य क्षेत्र में शैक्षणिक सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए  श्री सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट, नवा रायपुर के साथ समझौता ज्ञापन (मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग – एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

यह एमओयू 2 अप्रैल 2026 को संपन्न हुआ, जिस पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. सी. श्रीनिवास तथा एम्स रायपुर के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) अशोक जिंदल ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर डॉ. एली मोहापात्रा (डीन, अकादमिक), डॉ. अभिरुचि गल्होत्रा (डीन, अनुसंधान), डॉ. कृष्णदत्त चावली (डीन, छात्र कल्याण), डॉ. अविनाश इंगले (डीन, परीक्षा) तथा लेफ्टिनेंट कर्नल धर्मवीर सिंह चौहान (उप निदेशक, प्रशासन) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

समझौते का उद्देश्य दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक आदान-प्रदान, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और क्षमता निर्माण गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है। इस साझेदारी से ज्ञान के आदान-प्रदान, संयुक्त शैक्षणिक पहलों के विस्तार तथा स्वास्थ्य शिक्षा एवं प्रशिक्षण के क्षेत्र में पेशेवर विकास के अवसरों को नई गति मिलने की अपेक्षा है।

इस अवसर पर लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) अशोक जिंदल ने कहा कि समान दृष्टिकोण रखने वाले संस्थानों के साथ सहयोग से संस्थागत प्रभाव और पहुँच में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। उन्होंने ट्रस्ट द्वारा स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में किए जा रहे योगदान की सराहना करते हुए भविष्य में अनुसंधान सहयोग की व्यापक संभावनाओं पर भी बल दिया।

डॉ. सी. श्रीनिवास ने इस पहल को सेवा, करुणा और समग्र स्वास्थ्य विकास के सिद्धांतों के अनुरूप बताते हुए कहा कि यह सहयोग स्वास्थ्य शिक्षा और प्रशिक्षण को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा।

*****


(रिलीज़ आईडी: 2248531) आगंतुक पटल : 33
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English