रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

आर्मी वॉर कॉलेज, महू में ‘स्ट्रेटेजिक फ्यूज़न एंड कन्वर्जेंस कैप्सूल’ का आयोजन


राष्ट्रीय सुरक्षा के समग्र दृष्टिकोण को सशक्त बनाने हेतु महू में SFCC कार्यक्रम आयोजित

प्रविष्टि तिथि: 01 APR 2026 6:57PM by PIB Bhopal

महू इंदौर: राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विभिन्न क्षेत्रोंके 160 मध्य-स्तरीय अधिकारियों एवं पेशेवरों को एक मंच पर लाने की पहल के तहत आर्मी वॉर कॉलेज, महू में 23 मार्च से 05 अप्रैल 2026 तक ‘स्ट्रेटेजिक फ्यूज़न एंड कन्वर्जेंस कैप्सूल (SFCC)’ का आयोजन किया जा रहा है।

यह कार्यक्रम कॉलेज की एक प्रमुख पहल है, जो सैन्य-नागरिक सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। SFCC का उद्देश्य तेजी से बदलते वैश्विक परिदृश्य में उभरती सुरक्षा चुनौतियों का सामना करने हेतु “Whole of Nation Approach” के अंतर्गत संवाद, सहयोग और नवाचार को प्रोत्साहित करना है।

इस कार्यक्रम में भू-राजनीतिक एवं भू-रणनीतिक मुद्दों, भारत की सुरक्षा एवं सैन्य रणनीति, वर्तमान वैश्विक संघर्षों से प्राप्त सबक तथा भविष्य की युद्ध प्रणाली में उभरती तकनीकों की भूमिका पर चर्चा की जा रही है। इसकी प्रमुख विशेषता विशेषज्ञों के व्याख्यान, पैनल चर्चाओं एवं संरचित संवाद के माध्यम से विचारों का आदान-प्रदान है।

उद्योग जगत की भागीदारी ‘आत्मनिर्भर भारत’ एवं ‘मेक इन इंडिया’ पहल को सशक्त बनाने में सहायक होगी तथा अनुसंधान एवं विकास, नवाचार और स्वदेशी क्षमता निर्माण के महत्व को रेखांकित करेगी। मित्र देशों के अधिकारियों की सहभागिता ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना के अनुरूप भारत की वैश्विक सहयोग की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

समग्र रूप से यह कार्यक्रम “विकसित भारत @ 2047” के लक्ष्य की दिशा में सहयोगात्मक समन्वय को बढ़ावा देता है तथा भारतीय सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण और भविष्य की तैयारियों पर महत्वपूर्ण दृष्टिकोण प्रस्तुत करता है।

आर्मी वॉर कॉलेज, महू भारतीय सेना का एक प्रमुख प्रशिक्षण संस्थान है, जिसकी स्थापना 01 अप्रैल 1971 को ‘कॉलेज ऑफ कॉम्बैट’ के रूप में हुई थी तथा 01 जनवरी 2003 को इसका नाम ‘आर्मी वॉर कॉलेज’ रखा गया। यह संस्थान तीनों सेनाओं के अधिकारियों को उच्च स्तरीय सैन्य प्रशिक्षण प्रदान करता है।

अपने उत्कृष्ट कार्य के लिए आर्मी वॉर कॉलेज को हाल ही में 77वें आर्मी डे (जयपुर) के अवसर पर सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, PVSM, AVSM द्वारा ‘चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ प्रशस्ति’ प्रदान की गई। यह प्रशस्ति पत्र कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल एच.एस. साही, PVSM, UYSM, AVSM, YSM, SM ने प्राप्त किया।

यह सम्मान संस्थान द्वारा भविष्य के सैन्य नेतृत्व को तैयार करने और उभरती सुरक्षा चुनौतियों से निपटने की क्षमता विकसित करने में उसके योगदान को मान्यता देता है

 

***

Ankush Chavan


(रिलीज़ आईडी: 2247944) आगंतुक पटल : 18
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English