सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्‍वयन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

डिजिटलीकरण और तकनीकी उन्नयन का संबंध सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय द्वारा आधिकारिक सांख्यिकी प्रणाली में सुधार के लिए किए गए आंकड़ों के संग्रह, प्रक्रिया, विश्लेषण और प्रसार से है

प्रविष्टि तिथि: 01 APR 2026 3:10PM by PIB Delhi

आधिकारिक सांख्यिकी प्रणाली में सुधार के लिए मंत्रालय द्वारा डेटा संग्रह, प्रक्रिया, विश्लेषण और प्रसार से संबंधित विभिन्न मॉड्यूलों सहित डिजिटलीकरण और तकनीकी उन्नयन कार्य किए गए हैं। इसके अलावा, क्षमता विकास योजना के अंतर्गत डेटा इनोवेशन लैब घटक शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य आधिकारिक सांख्यिकी प्रणालियों में एआई और मशीन लर्निंग (एमएल) जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों को शामिल करना है। एआई और एमएल के छह उपयोग मामलों को लागू किया गया है। इन पहलों के माध्यम से, हितधारकों के लिए आधिकारिक आंकड़ों तक पहुंच को सुगम बनाया गया है। एपीआई के माध्यम से मशीन-पठनीय प्रारूप में डेटा प्रसार ने डेटा के प्रकाशन और पहुंच के बीच की समय-सीमा को कम कर दिया है।

विकास के चरण में ही सुरक्षा संबंधी सिद्धांतों को शामिल किया गया है। राष्ट्रीय सूचना केंद्र (एनआईसी) और भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया दल (सीईआरटी-इन) द्वारा जारी साइबर सुरक्षा संबंधी सभी दिशानिर्देशों का पालन किया जा रहा है। इसके अलावा, विभिन्न उपयोगकर्ताओं द्वारा साइबर सुरक्षा दिशानिर्देशों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए सांख्‍यकीय एवं कार्यक्रम कार्यान्‍वयन मंत्रालय ने एक एजेंसी को नियुक्त किया है। मंत्रालय ने इस उद्देश्य के लिए मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी (सीआईएसओ) भी नियुक्त किया है। सभी एप्लिकेशन सुरक्षा ऑडिट और सिक्योर सॉकेट्स लेयर (एसएसएल) प्रमाणन के बाद ही तैनात किए जाते हैं।

तकनीकी सुधार निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है और आवश्यकतानुसार इसे वार्षिक कार्य योजना का हिस्सा बनाया जाता है। इन सुधारों से अपेक्षित परिणाम डेटा संग्रह, सत्यापन, प्रक्रिया और प्रसार में सुधार होंगे।

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), योजना मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और संस्कृति मंत्रालय के राज्य मंत्री श्री राव इंद्रजीत सिंह ने आज लोकसभा में यह जानकारी दी।

****

पीके/केसी/एवाई/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 2247862) आगंतुक पटल : 21
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu