सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्‍वयन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने संयुक्त राष्ट्र रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर कार्यालय के सहयोग से सतत विकास लक्ष्य संकेतकों की निगरानी के लिए केंद्रीकृत डेटा प्लेटफॉर्म “इंडिया एसडीजी डैशबोर्ड ” विकसित किया

प्रविष्टि तिथि: 01 APR 2026 3:09PM by PIB Delhi

केन्द्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), योजना राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और संस्कृति राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने आज लोकसभा में बताया कि केन्द्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय नियमित रूप से सामाजिक एवं पर्यावरणीय संकेतक प्रकाशित करता है। पिछले पांच वर्षों में जारी प्रकाशनों का विवरण अनुलग्नक में प्रस्तुत है ।

 सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने अपने सांख्यिकीय प्रकाशनों की सार्वजनिक सुलभता के लिए एक केंद्रीकृत डिजिटल तंत्र स्थापित किया है। उपर्युक्त सभी रिपोर्टें और प्रकाशन मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट  www.mospi.gov.in पर उपलब्ध हैं , जहां शोधकर्ता, नीति निर्माता और आम लोग अपनी सुविधानुसार इनका उपयोग कर सकते हैं।

केन्द्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने इसके अलावा संयुक्त राष्ट्र रेजिडेंट समन्वयक कार्यालय -यूएनआरसीओ के साथ सहयोग से इंडिया एसडीजी डैशबोर्ड विकसित किया है, जो राष्ट्रीय संकेतक ढांचे के साथ संरेखित सतत विकास लक्ष्यों के संकेतकों की निगरानी के लिए केंद्रीकृत डेटा प्लेटफॉर्म है।

ये प्रकाशन विविध सामाजिक और पर्यावरणीय आंकड़ें एक स्थान पर उपलब्ध करा कर नीति निर्माताओं एवं हितधारकों के लिए महत्वपूर्ण स्रोत का काम करते हैं। ये आंकड़े मुख्यतः विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों से प्राप्त द्वितीयक आंकड़ों पर आधारित हैं। यह रणनीतिक योजना एवं नीति निर्माण के लिए साक्ष्य-आधारित मार्गदर्शक के तौर पर कार्य करता है। शोधकर्ताओं एवं विश्लेषकों द्वारा शोध अध्ययन के लिए इसका व्यापक उपयोग किया जाता है।

इसके अलावा, सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने पर्यावरण सांख्यिकी, लिंग सांख्यिकी और तदर्थ प्रकाशनों पर विभिन्न विशेषज्ञ समूह समितियों का गठन किया है, जिनमें मंत्रालयों, विभागों और अनुसंधान संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हैं, ताकि समय-समय पर इन प्रकाशनों की समीक्षा की जा सके और निरंतर परामर्श द्वारा उनकी व्यापकता, गुणवत्ता और प्रासंगिकता बढ़ायी जा सके।

केन्द्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने शोधकर्ताओं, नीति निर्माताओं और आम लोगों में अपनी सांख्यिकी रिपोर्टों के प्रसार, सुलभता और जागरूकता में सुधार के लिए कई कदम उठाए हैं। आंकड़ों के प्रसार और प्रबंधन सुगमता के लिए  ई-सांख्यिकी पोर्टल आरंभ किया गया है, जो प्रमुख व्यापक आर्थिक संकेतकों पर समय-श्रृंखला डेटा प्रदान करता है। सांख्यिकी उत्पादों का अग्रिम प्रकाशन कैलेंडर  भी मंत्रालय की वेबसाइट www.mospi.gov.in पर उपलब्ध कराया गया है ताकि सूचनाओं का समय से पारदर्शी प्रसार सुनिश्चित हो। इसके अलावा, सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय डेटा उपयोगकर्ताओं और हितधारकों के साथ नियमित तौर पर संवाद और परामर्श आयोजित करता है ताकि उनके विचारों को शामिल कर प्रकाशित डेटा के प्रति उनकी समझ बेहतर बनाएं और डेटा का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो।

अनुलग्‍नक

क्र.सं.

वर्ष

प्रकाशित प्रकाशनों/रिपोर्टों के नाम

1.

2021

  • एनविस्टैट्स इंडिया: पर्यावरण सांख्यिकी
  • एनविस्टैट्स इंडिया: पर्यावरण लेखा
  • सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) - राष्ट्रीय संकेतक ढांचा (एनआईएफ) प्रगति रिपोर्ट
  • एसडीजी- राष्ट्रीय संकेतक ढांचा
  • एसडीजी-एनआईएफ पर डेटा स्नैपशॉट
  • भारत में महिलाएं और पुरुष
  • भारत में वृद्ध

2.

2022

  • एनविस्टैट्स इंडिया: पर्यावरण सांख्यिकी
  • एनविस्टैट्स इंडिया: पर्यावरण लेखा
  • सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) - राष्ट्रीय संकेतक ढांचा (एनआईएफ) प्रगति रिपोर्ट
  • एसडीजी- राष्ट्रीय संकेतक ढांचा
  • एसडीजी-एनआईएफ पर डेटा स्नैपशॉट
  • भारत में महिलाएं और पुरुष
  • भारत में युवा

3.

2023

  • एनविस्टैट्स इंडिया: पर्यावरण सांख्यिकी
  • एनविस्टैट्स इंडिया: पर्यावरण लेखा
  • सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) - राष्ट्रीय संकेतक ढांचा (एनआईएफ) प्रगति रिपोर्ट
  • एसडीजी- राष्ट्रीय संकेतक ढांचा
  • एसडीजी-एनआईएफ पर डेटा स्नैपशॉट
  • भारत में महिलाएं और पुरुष

4.

2024

  • एनविस्टैट्स इंडिया: पर्यावरण सांख्यिकी
  • एनविस्टैट्स इंडिया: पर्यावरण लेखा
  • सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) - राष्ट्रीय संकेतक ढांचा (एनआईएफ) प्रगति रिपोर्ट
  • एसडीजी- राष्ट्रीय संकेतक ढांचा
  • एसडीजी-एनआईएफ पर डेटा स्नैपशॉट
  • भारत में महिलाएं और पुरुष

5.

2025

  • एनविस्टैट्स इंडिया: पर्यावरण सांख्यिकी
  • वनों पर पर्यावरण लेखांकन - 2025
  • सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) - राष्ट्रीय संकेतक ढांचा (एनआईएफ) प्रगति रिपोर्ट
  • एसडीजी- राष्ट्रीय संकेतक ढांचा
  • एसडीजी-एनआईएफ पर डेटा स्नैपशॉट
  • भारत में महिलाएं और पुरुष
  • भारत में बच्चे

 

****

पीके/केसी/एकेवी/जीआरएस


(रिलीज़ आईडी: 2247784) आगंतुक पटल : 32
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English