विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

“टीडीबी-डीएसटी ने ईवी अपनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए स्वाचालित बैटरी स्वैपिंग इंफ्रास्ट्रक्चर हेतु इन्फिनिटीएक्स इनोवेशन को दिया समर्थन”

प्रविष्टि तिथि: 24 MAR 2026 5:04PM by PIB Delhi

भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के अंतर्गत प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड (टीडीबी) ने बेंगलुरु की इन्फिनिटीएक्स इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के साथ "इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के लिए स्वचालित बैटरी स्वैपिंग स्टेशन" नामक परियोजना हेतु एक करार पर हस्ताक्षर किए हैं। बोर्ड ने एक स्वदेशी बैटरी स्वैपिंग इकोसिस्टम के व्यावसायीकरण और विस्तार के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/Screenshot2026-03-241711014JFY.png

सहायता प्राप्त यह परियोजना स्वचालित और आईओटी समर्थित बैटरी स्वैपिंग स्टेशनों को विकसित करने और तैनात करने पर केंद्रित है, जिन्हें इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ऑपरेशंस की दक्षता को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ाने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह तकनीक 40 सेकंड से भी कम समय में पूरी तरह से बैटरी बदलने में सक्षम बनाती है, जो इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने की राह में आने वाली प्रमुख बाधाओं में से एक—चार्जिंग समय—का समाधान करती है, विशेष रूप से वाणिज्यिक बेड़े और लास्ट-माइल डिलीवरी क्षेत्रों के लिए।

इन्फिनिटीएक्स इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विकसित यह साल्यूशन उन्नत बैटरी प्रणालियों को स्वचालित स्वैपिंग बुनियादी ढांचे के साथ एकीकृत करता है, जो विविध भारतीय परिस्थितियों में उच्च तापीय स्थिरता और परिचालन विश्वसनीयता प्रदान करता है। इसकी मॉड्यूलर बैटरी संरचना विभिन्न वाहन प्लेटफार्मों के बीच अनुकूलता सुनिश्चित करती है, जिससे इसके उपयोग में अंतर-संचालनीयता और विस्तार की सुविधा मिलती है। यह प्रणाली उच्च-उपयोग वाले मामलों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, जो इसे विशेष रूप से गिग इकोनॉमी कार्यकर्ताओं और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की ओर बढ़ रहे फ्लीट ऑपरेटरों के लिए उपयुक्त बनाती है।

टीडीबी  के सहयोग से, कंपनी अगली पीढ़ी के बैटरी पैक और स्वचालित स्वैपिंग स्टेशनों के उत्पादन को बढ़ाने के लिए बेंगलुरु में एक समर्पित विनिर्माण इकाई स्थापित करेगी। इस पहल से एक मानकीकृत और इंटरऑपरेबल बैटरी स्वैपिंग नेटवर्क के विकास में योगदान मिलने की उम्मीद है, जिससे भारत के घरेलू ईवी बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और आयातित तकनीकों पर निर्भरता कम होगी।

इस अवसर पर बोलते हुए, टीडीबी के सचिव श्री राजेश कुमार पाठक ने कहा कि भारत के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी इकोसिस्टम के विकास के लिए कुशल और स्केलेबल चार्जिंग विकल्पों की तैनाती में तेजी लाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने उल्लेख किया कि स्वचालित बैटरी स्वैपिंग सिस्टम जैसे स्वदेशी नवाचार, विशेष रूप से उच्च मांग वाले वाणिज्यिक क्षेत्रों में तेजी से ईवी अपनाने में सक्षम बनाने के साथ-साथ स्वच्छ गतिशीलता प्रौद्योगिकियों में आत्मनिर्भरता के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में परिवर्तनकारी भूमिका निभा सकते हैं।

इन्फिनिटीएक्स इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ और संस्थापक ने इस समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सहायता कंपनी के प्रौद्योगिकी मंच के तेजी से विस्तार को सक्षम बनाएगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बैटरी बदलने के समय को 40 सेकंड से कम करने से ईवी में ऊर्जा भरना पारंपरिक ईंधन भरने के समान हो जाता है, जिससे उपयोगकर्ताओं के लिए परिचालन दक्षता और सुलभता में सुधार होता है।

***

पीके/केसी/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2244659) आगंतुक पटल : 49
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Urdu , English