संचार मंत्रालय
"समृद्ध ग्राम पंचायत" परियोजना के अंतर्गत देशभर में 4012 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया
कार्यालय नियंत्रक संचार लेखा, मध्य प्रदेश के सहायक लेखा अधिकारी ने कुछ ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया
प्रविष्टि तिथि:
23 MAR 2026 5:19PM by PIB Bhopal
भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा संचालित "समृद्ध ग्राम पंचायत" परियोजना के अंतर्गत देशभर में 4012 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है, जिनमें मध्य प्रदेश की 168 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। इस परियोजना का उद्देश्य ग्राम स्तर पर दूरसंचार एवं इंटरनेट सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार, डिजिटल सेवाओं व ई-गवर्नेंस तक पहुंच, तथा डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देना है।
इसी अनुक्रम में श्री नीलोत्पल सनोडिया, सहायक लेखा अधिकारी, कार्यालय नियंत्रक संचार लेखा, मध्य प्रदेश द्वारा दिनांक 18 से 20 मार्च 2026 तक ग्राम पंचायत धोबीसर्रा एवं ग्राम पंचायत अरी, विकासखंड बरघाट, जिला सिवनी (म.प्र.) का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों के साथ डिजिटल कनेक्टिविटी, दूरसंचार सेवाओं की उपलब्धता, वित्तीय समावेशन एवं संचार अवसंरचना की समीक्षा की गई।
KCPR.jpeg)
ग्राम स्तर पर ग्रामीणों को डिजिटल सेवाओं, ऑनलाइन भुगतान, आधार आधारित सेवाओं एवं दूरसंचार सुविधाओं के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही नेटवर्क गुणवत्ता सुधार, शिकायत निवारण व्यवस्था एवं सेवा प्रदाताओं के साथ समन्वय को सुदृढ़ करने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, सेवा प्रदाताओं के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया गया।
"समृद्ध ग्राम पंचायत" परियोजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सशक्तिकरण, संचार सेवाओं के विस्तार एवं सुशासन को बढ़ावा देने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
*****
दिक्षित/अंकिता
(रिलीज़ आईडी: 2244038)
आगंतुक पटल : 18