संस्‍कृति मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

संरक्षण क्षमता का सुदृढ़ीकरण

प्रविष्टि तिथि: 16 MAR 2026 12:52PM by PIB Delhi

देश भर में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की देखरेख और रखरखाव में कुल 3686 केंद्रीय रूप से संरक्षित स्मारक हैं। एएसआई इन संरक्षित स्मारकों/स्थलों के संरक्षण का कार्य करता है, जिसमें आवश्यकतानुसार और संसाधनों की उपलब्धता के अनुसार सुविधाओं का प्रावधान भी शामिल है। सभी संरक्षित स्मारकों की स्थिति और संरक्षण कार्यों का आकलन करने के लिए एएसआई के अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण किया जाता है।

संरक्षण क्षमता को सुदृढ़ करने के लिए, समय-समय पर प्रक्षेत्र अधिकारियों के लिए क्षमता निर्माण हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। साथ ही, उचित दस्तावेज़ीकरण के लिए आवश्यकतानुसार लिडार स्कैनिंग, जीआईएस आधारित मानचित्रण और ड्रोन आधारित सर्वेक्षण आदि जैसी आधुनिक तकनीकों/उपकरणों का उपयोग किया जाता है।

सरकार ने अवैध रूप से विदेश भेजे गए पुरावशेषों को वापस लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं। 2025 तक कुल 655 पुरावशेष बरामद किए जा चुके हैं।

पिछले पांच वर्षों में कुल 613 सांस्कृतिक कलाकृतियां बरामद की गई हैं। इनमें से 11 वस्तुओं को, जिनके स्रोत का स्पष्ट प्रमाण उपलब्ध है, संबंधित संगठनों/संस्थानों को सौंप दिया गया है। 9 वस्तुएं आईजीएनसीए को नए संसद भवन में प्रदर्शन के लिए, 1 राष्ट्रीय संग्रहालय को और 14 भारतीय धरोहर संस्थान को ऋण पर दी गई हैं ।

शेष वस्तुएं एएसआई के पास सुरक्षित हिरासत में रखी गई हैं।

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आज लोकसभा में लिखित प्रश्न के उत्तर में यह जानकारी दी।

****

पीके/केसी/एसकेजे/एचबी


(रिलीज़ आईडी: 2240582) आगंतुक पटल : 69
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu