स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

एम्स में बच्चों के किडनी स्वास्थ्य पर


जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

प्रविष्टि तिथि: 12 MAR 2026 6:00PM by PIB Bhopal

एम्स भोपाल द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता और बेहतर चिकित्सा सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न पहलें लगातार की जा रही हैं। इसी क्रम में संस्थान के शिशु रोग विभाग द्वारा विश्व किडनी दिवस (12 मार्च) के अवसर पर बच्चों और उनके परिवारों में किडनी स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस वर्ष का विषय “किडनी हेल्थ फॉर ऑल: केयरिंग फॉर पीपल, प्रोटेक्टिंग द प्लैनेट” रखा गया है, जो किडनी देखभाल को बेहतर बनाने के लिए सरकार, स्वास्थ्य संस्थानों और समाज के सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल देता है। दीर्घकालिक किडनी रोग विश्वभर में तेजी से बढ़ती स्वास्थ्य समस्या है, जो लगभग हर दस में से एक व्यक्ति को प्रभावित करती है। हाल ही में 78वीं विश्व स्वास्थ्य सभा में विश्व स्वास्थ्य संगठन ने किडनी रोग पर केंद्रित अपना पहला प्रस्ताव पारित किया और विश्व किडनी दिवस को एक महत्वपूर्ण वैश्विक दिवस के रूप में मान्यता दी।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. शिखा मलिक (प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, शिशु रोग विभाग) के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने किडनी रोग से पीड़ित बच्चों के अभिभावकों को सकारात्मक रहने और अपने बच्चों की देखभाल में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर डॉ. गिरीश चंद्र भट्ट (प्रोफेसर, बाल किडनी रोग) ने संस्थान में बाल किडनी रोग सेवाओं की प्रगति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एम्स भोपाल में मध्य प्रदेश की पहली बाल डायलिसिस इकाई स्थापित की गई है, जहां बच्चों को हीमोडायलिसिस की सुविधा मिल रही है।

**

यादव/दीक्षित


(रिलीज़ आईडी: 2239493) आगंतुक पटल : 5
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English