कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय
केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 7 मार्च को तमिलनाडु प्रवास पर रहेंगे
श्री शिवराज सिंह की उपस्थिति में नारियल संवर्धन योजना पर चेन्नई में होगा वृहद किसान संवाद
आईआईटी में पोस्ट बजट कोकोनट स्टेकहोल्डर्स मीट को संबोधित करेंगे श्री शिवराज सिंह चौहान
नारियल उत्पादक किसानों से श्री शिवराज सिंह करेंगे मुलाकात, सुझावों के आधार पर बनेगी नीति
केंद्र सरकार द्वारा दक्षिण भारतीय राज्यों के साथ मिलकर नारियल क्षेत्र के समग्र विकास की तैयारी
किसान कल्याण के एजेंडे पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की मजबूत राजनीतिक प्रतिबद्धता
प्रविष्टि तिथि:
06 MAR 2026 5:52PM by PIB Delhi
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण व ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 7 मार्च, शनिवार को चेन्नई स्थित आईआईटी में नारियल उत्पादक किसान बहनों–भाइयों और नारियल क्षेत्र के प्रमुख स्टेकहोल्डर्स के साथ एक महत्वपूर्ण पोस्ट बजट संवाद में हिस्सा लेंगे, जहां वे केंद्रीय बजट में घोषित नई “नारियल संवर्धन योजना” के संदर्भ में सरकार की किसान हितैषी दृष्टि और प्राथमिकताएं सामने रखेंगे। नारियल विकास बोर्ड द्वारा आयोजित इस “पोस्ट बजट कोकोनट स्टेकहोल्डर्स मीट” का केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उद्घाटन करेंगे और नारियल क्षेत्र में उत्पादन, प्रसंस्करण व मूल्य संवर्धन के लिए भावी रोडमैप पर विचार–विमर्श करेंगे।
केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 7 मार्च 2026 (शनिवार) को तमिलनाडु के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह प्रातः 9:55 बजे दिल्ली से विमान द्वारा चेन्नई के लिए प्रस्थान करेंगे और दोपहर 12:55 बजे चेन्नई पहुंचेंगे और फिर सीधे आईआईटी चेन्नई जाएंगे, जहां दोपहर 2 बजे से नारियल उत्पादक किसानों के साथ एक विशेष इंटरएक्शन सेशन होगा, जिसमें श्री शिवराज सिंह किसानों की बात सुनेंगे और “नारियल संवर्धन योजना” को और अधिक किसान हितैषी व व्यवहारिक बनाने के लिए सुझाव प्राप्त करेंगे।
इसके बाद 3 बजे से “पोस्ट बजट कोकोनट स्टेकहोल्डर्स कॉन्फ्रेंस” आयोजित की जाएगी, जिसमें नारियल क्षेत्र के सभी प्रमुख घटक– किसान, प्रोसेसर्स, उद्योग प्रतिनिधि, विशेषज्ञ और राज्य सरकारों के अधिकारी एक मंच पर आएंगे। नारियल विकास बोर्ड, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आईआईटी, चेन्नई में आयोजित इस “पोस्ट बजट कोकोनट स्टेकहोल्डर्स मीट” का मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान उद्घाटन करेंगे। यहां प्रदर्शनी स्टॉल्स का उद्घाटन शिवराज सिंह करेंगे, जहां नारियल क्षेत्र से जुड़े नवाचार, तकनीक और वैल्यू एडेड उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान अपने संबोधन में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, बजट 2026–27 में घोषित नई “नारियल संवर्धन योजना” की मूल भाव-भूमि, लक्ष्यों और अपेक्षित परिणामों के बारे में स्टेकहोल्डर्स को अवगत कराएंगे। कार्यक्रम में दक्षिण भारत के प्रमुख नारियल उत्पादक राज्यों – तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, केरल और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी के वरिष्ठ अधिकारी भी भाग लेंगे। शाम को आईआईटी, चेन्नई में प्रेस इंटरेक्शन भी रखा गया है, जिसमें श्री शिवराज सिंह चौहान अपने तमिलनाडु दौरे, पोस्ट बजट विमर्श और “नारियल संवर्धन योजना” के मुख्य बिंदुओं पर मीडिया से संवाद करेंगे।
केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का यह दौरा केंद्र सरकार की किसान केंद्रित नीतियों और मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति को रेखांकित करता है। “नारियल संवर्धन योजना” के संदर्भ में यह स्टेकहोल्डर्स मीट नीति निर्माण की प्रक्रिया में सीधे किसानों और क्षेत्रीय हितधारकों की भागीदारी सुनिश्चित करने वाला महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
*****
आरसी/पीयू
(रिलीज़ आईडी: 2236039)
आगंतुक पटल : 200
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English