स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

न्यूक्लियर मेडिसिन की उन्नत सुविधाएँ: आयुष्मान भारत तहत पात्र मरीजों को निःशुल्क

अन्य मरीजों को अत्यंत किफायती दरों पर आधुनिक जाँच व उपचार

प्रविष्टि तिथि: 20 FEB 2026 10:26AM by PIB Bhopal

एम्स भोपाल जनसामान्य को सुलभ, किफायती और उन्नत स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। संस्थान का न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग नागरिकों को महत्वपूर्ण जाँच और उपचार सुविधाएँ प्रदान कर रहा है। एम्स भोपाल मध्यप्रदेश का एकमात्र सरकारी संस्थान है, जहाँ न्यूक्लियर मेडिसिन तकनीक के माध्यम से पूरे शरीर की उन्नत जाँच सुविधाएँ उपलब्ध हैं। साथ ही निकट भविष्य में कैंसर से संबंधित जाँच के लिए आवश्यक मानी जाने वाली पेट सीटी (PET-CT) स्कैन सुविधा भी प्रारंभ होने जा रही है।

न्यूक्लियर मेडिसिन चिकित्सा विज्ञान की एक उन्नत शाखा है, जिसमें शरीर के अंगों की कार्यप्रणाली को समझने और रोगों की पहचान करने के लिए सुरक्षित मात्रा में रेडियोसक्रिय औषधियों का उपयोग किया जाता है। इनकी सहायता से विशेष उपकरणों द्वारा यह आकलन किया जाता है कि शरीर के विभिन्न अंग किस प्रकार कार्य कर रहे हैं। इससे रोग की समय पर पहचान और प्रभावी उपचार योजना बनाने में सहायता मिलती है।

एम्स भोपाल के न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग में मरीजों को बोन स्कैन, कार्डियक स्कैन, रीनल स्कैन तथा थायरॉइड स्कैन जैसी जाँच सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। विभाग में कुछ बीमारियों के उपचार की सुविधा भी उपलब्ध है। हायपरथायरॉइडिज्म, जिसमें थायरॉइड ग्रंथि अधिक सक्रिय हो जाती है, तथा थायरॉइड कैंसर के मामलों में सहायता प्रदान की जाती है। इसके अतिरिक्त जब कैंसर हड्डियों में फैल जाता है और दर्द उत्पन्न करता है, तब दर्द से राहत देने के लिए भी इस तकनीक का उपयोग किया जाता है। इस प्रकार यह तकनीक जाँच और उपचार दोनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र मरीजों के लिए ये सभी सेवाएँ निःशुल्क उपलब्ध हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को बड़ी राहत मिलती है। जो मरीज आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत नहीं आते हैं, उन्हें भी यह सुविधा निजी क्षेत्र की तुलना में अत्यंत कम शुल्क पर उपलब्ध कराई जाती है। इससे मरीजों पर आर्थिक बोझ कम पड़ता है और गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ अधिक लोगों तक पहुँच पाती हैं।

***


(रिलीज़ आईडी: 2230573) आगंतुक पटल : 30
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English