पर्यटन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

रायपुर में 21 फरवरी को ‘देखो अपना देश’ पुरस्कार वितरण समारोह और पर्यटन शिक्षा एक्सपो

प्रविष्टि तिथि: 18 FEB 2026 6:20PM by PIB Raipur

भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालय इंडियाटूरिज़्म, मुंबई द्वारा, रायपुर स्थित होटल प्रबंधन, खानपान प्रौद्योगिकी एवं अनुप्रयुक्त पोषण संस्थान के सहयोग से 21 फरवरी, 2026 को “देखो अपना देश – पीपुल्स चॉइस एवं स्कूल प्रतियोगिता” के पुरस्कार वितरण समारोह तथा पर्यटन शिक्षा एक्सपो का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन सेक्टर-40, उपरवारा, नया रायपुर स्थित संस्थान परिसर में प्रातः 9:30 बजे से किया जाएगा।


समारोह में प्रातः 9:30 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक विजेता विद्यार्थियों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में करियर मार्गदर्शन सत्र, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता तथा परिसर भ्रमण भी आयोजित किया जाएगा।


इसी दिन प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक मिनी पर्यटन शिक्षा एक्सपो का आयोजन किया जाएगा। एक्सपो का उद्देश्य विद्यालयी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को आतिथ्य एवं पर्यटन क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों के प्रति जागरूक करना है। छत्तीसगढ़ के आतिथ्य एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारक एक्सपो में भाग लेकर व्यावसायिक संभावनाओं, कौशल विकास के अवसरों तथा उभरते रोजगार विकल्पों की जानकारी प्रदान करेंगे। रायपुर एवं आसपास के विद्यालयों के विद्यार्थियों के एक्सपो में शामिल होने की अपेक्षा है।


यह आयोजन पर्यटन मंत्रालय की प्रमुख पहल “देखो अपना देश – पीपुल्स चॉइस एवं स्कूल प्रतियोगिता” के विजेताओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। वर्ष 2020 में आरंभ की गई “देखो अपना देश” पहल का उद्देश्य देश में घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देना तथा नागरिकों, विशेषकर युवाओं, को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक विरासत से परिचित कराना है। यह अभियान स्थानीय अर्थव्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने, रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करने और राष्ट्रीय गौरव की भावना को सशक्त करने की दिशा में कार्य कर रहा है, साथ ही सतत एवं उत्तरदायी पर्यटन को भी बढ़ावा देता है।


वर्ष 2024 में पर्यटन मंत्रालय ने “देखो अपना देश – पीपुल्स चॉइस 2024” अभियान प्रारंभ किया, जिसका शुभारंभ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 7 मार्च, 2024 को श्रीनगर में किया गया। यह अभियान दो चरणों में संचालित किया गया, जिसमें देशव्यापी जनमत संग्रह और “देखो अपना देश” स्कूल प्रतियोगिता शामिल थी।


स्कूल प्रतियोगिता का आयोजन शिक्षा मंत्रालय के सहयोग से किया गया, जिसके अंतर्गत केंद्रीय विद्यालयों एवं जवाहर नवोदय विद्यालयों के विद्यार्थियों को देश के विभिन्न जिलों पर हस्तलिखित पर्यटन पुस्तिकाएं तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। 15 नवम्बर से 15 दिसम्बर, 2024 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से लगभग पांच लाख विद्यार्थियों ने भाग लिया। लगभग 2,000 हस्तलिखित पुस्तिकाओं का मूल्यांकन राज्य, केंद्र शासित प्रदेश तथा राष्ट्रीय स्तर पर विशेषज्ञ समितियों द्वारा किया गया। विजेताओं का चयन सौंदर्यात्मक प्रस्तुति, जानकारी की स्पष्टता एवं गहराई तथा रचनात्मकता के आधार पर किया गया। अंतिम विजेताओं का चयन उत्तर, पूर्व, उत्तर-पूर्व, दक्षिण एवं पश्चिम — इन पांच क्षेत्रों से किया गया।


अधिकारियों ने कहा कि “देखो अपना देश” अब एक पर्यटन अभियान से आगे बढ़कर राष्ट्रीय जनआंदोलन का रूप ले चुका है, जो विशेष रूप से युवा पीढ़ी को भारत की विरासत से पुनः जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहा है तथा देश में आर्थिक विकास और सतत पर्यटन को गति प्रदान कर रहा है।


***** 


आरडीजे/बीटी


(रिलीज़ आईडी: 2229756) आगंतुक पटल : 24
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English