वित्त मंत्रालय
वित्तीय साक्षरता सप्ताह (FLW–2026) का आयोजन तथा केसीसी खातों में e-KYC की अनिवार्यता
प्रविष्टि तिथि:
10 FEB 2026 5:56PM by PIB Lucknow
भारतीय रिज़र्व बैंक के दिशानिर्देशानुसार वित्तीय साक्षरता सप्ताह (Financial Literacy Week – FLW 2026) का आयोजन पूरे भारतवर्ष में दिनांक 09 से 13 फरवरी 2026 तक किया जा रहा है। इस वर्ष की थीम “केवाईसी – सुरक्षित बैंकिंग की ओर आपका पहला कदम” है, जो सुरक्षित एवं भरोसेमंद बैंकिंग सुनिश्चित करने में केवाईसी के महत्व को रेखांकित करती है। प्रदेश में भारतीय रिज़र्व बैंक, लखनऊ द्वारा दिनांक 09 फरवरी 2026 को लखनऊ में वित्तीय साक्षरता सप्ताह–2026 का शुभारंभ किया गया।

महाप्रबंधक एवं संयोजक, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि FLW–2026 के दौरान प्रदेश में कार्यरत सभी सदस्य बैंकों द्वारा प्रत्येक शाखा स्तर पर वित्तीय साक्षरता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक जनपद में अग्रणी जिला प्रबंधकों द्वारा ग्रामीण स्व-रोज़गार प्रशिक्षण संस्थानों (RSETIs) तथा वित्तीय साक्षरता केंद्रों (FLCs) के समन्वय से भी शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

इन शिविरों के माध्यम से आमजन को केवाईसी अनुपालन की आवश्यकता एवं उसकी सरल प्रक्रिया, सेंट्रल केवाईसी (CKYC) के लाभ, तथा केवाईसी से संबंधित फर्जी कॉल, संदेश एवं लिंक से सावधान रहने के संबंध में जागरूक किया जा रहा है। साथ ही, जनता को मनी म्यूल से संबंधित जोखिमों के प्रति भी सचेत किया जा रहा है।
भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा जारी परिपत्र दिनांक 13.01.2026 के माध्यम से अवगत कराया गया है कि वित्तीय वर्ष 2025–26 के दौरान किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) खातों पर देय ब्याज अनुदान/प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने हेतु e-KYC अनिवार्य कर दिया गया है। भारत सरकार से ब्याज अनुदान/प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने के लिए यह आवश्यक है कि समस्त KCC खातों में वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति (31 मार्च 2026) से पूर्व e-KYC पूर्ण कर ली जाए, ताकि केंद्र सरकार द्वारा प्रदत्त लाभ पात्र किसानों को बिना किसी व्यवधान के प्राप्त होते रहें तथा उन्हें अतिरिक्त ब्याज भार वहन न करना पड़े।
इस संबंध में सभी बैंकों द्वारा वित्तीय साक्षरता सप्ताह के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे शिविरों एवं अन्य उपयुक्त माध्यमों से KCC खाताधारकों को e-KYC पूर्ण कराने हेतु लगातार जागरूक एवं सूचित किया जा रहा है।
******
Source : Bank of Baroda
(रिलीज़ आईडी: 2225957)
आगंतुक पटल : 70