सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
अनुसूचित जातियों के ऋण प्रावधान में वृद्धि
प्रविष्टि तिथि:
04 FEB 2026 4:40PM by PIB Delhi
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति वित्त और विकास निगम (एनएसएफडीसी) के माध्यम से अनुसूचित जाति के 5.00 लाख रुपये तक की वार्षिक पारिवारिक आय वाले व्यक्तियों के लिए स्वरोजगार और आय सृजन को बढ़ावा देने के लिए कई ऋण योजनाओं को लागू कर रहा है।
एनएसएफडीसी विभिन्न योजनाओं के तहत रियायती ब्याज दरों पर ऋण के रूप में वित्तीय सहायता प्रदान करता है, जिनमें सूक्ष्म वित्त योजना, सावधि ऋण योजना, शिक्षा ऋण योजना, आजीविका सूक्ष्म वित्त योजना और उद्यम निधि योजना शामिल हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य अनुसूचित जाति के लाभार्थियों की उद्यमिता, शिक्षा और आजीविका को बढ़ावा देना है।
सावधि ऋण योजना के तहत अधिकतम 45 लाख रुपये तक की ऋण सीमा के साथ प्रति यूनिट 50 लाख रुपये की मौजूदा कुल परियोजना लागत सीमा को पर्याप्त माना जाता है, इसी आधार पर 5.00 लाख रुपये तक की वार्षिक पारिवारिक आय वाले अनुसूचित जाति के व्यक्तियों को सेवाएं प्रदान की जाती है।
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति वित्त और विकास निगम ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, संसदीय स्थायी समितियों और परामर्श समिति की बैठकों से प्राप्त सुझावों के आधार पर, अपनी मौजूदा योजनाओं की समीक्षा की है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत, एनएसएफडीसी ने योजनाओं को तर्कसंगत बनाने और उन्हें लक्षित समूह के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए अधिक मांग-आधारित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कुछ योजनाओं का विलय या पुनर्निर्धारण किया है।
इसके अलावा, एनएसएफडीसी ने आवश्यकताओं के आधार पर, पिछले पांच वर्षों के दौरान समय-समय पर शैक्षिक ऋण योजना के तहत अधिकतम ऋण सीमा को संशोधित किया है, इसे देश और विदेश में अध्ययन के लिए 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 40 लाख रुपये कर दिया है।
सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री श्री रामदास अठावले ने आज राज्यसभा में लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
***
पीके/केसी/जेके/वाईबी
(रिलीज़ आईडी: 2223285)
आगंतुक पटल : 73