रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

हिंद महासागर क्षेत्र में विदेशी तैनाती के तहत भारतीय तटरक्षक पोत आईसीजीएस ‘संकल्प’ का मॉरीशस के पोर्ट लुइस बंदरगाह पर आगमन

प्रविष्टि तिथि: 17 JAN 2026 9:43PM by PIB Delhi

भारतीय तटरक्षक बल का अपतटीय गश्ती पोत आईसीजीएस संकल्प हिंद महासागर क्षेत्र में मित्र देशों के लिए अपनी जारी विदेशी तैनाती के तहत 17 जनवरी, 2026 को मॉरीशस के पोर्ट लुइस बंदरगाह पर पहुंचा। यह यात्रा समुद्री सहयोग को सुदृढ़ करने, आपसी सहभागिता को बढ़ावा देने तथा मॉरीशस के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और अधिक मजबूत करने के लिए भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

यह तैनाती भारत के सागर (क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा एवं विकास) के समुद्री दृष्टिकोण के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा, संरक्षा व पर्यावरण संरक्षण को सुदृढ़ करना है। समुद्री अभियानों में लैंगिक समावेशिता पर भारतीय तटरक्षक बल के विशेष बल के अनुरूप, आईसीजीएस संकल्प पर दो महिला अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो सेवा में उनकी निरंतर बढ़ती भूमिका और समुद्री क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण में भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।

पोर्ट लुइस में अपने प्रवास के दौरान, यह पोत मॉरीशस के राष्ट्रीय तटरक्षक बल तथा अन्य संबंधित समुद्री एजेंसियों के साथ अनेक पेशेवर संवाद और बैठकें करेगा। इन संवादों का उद्देश्य सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करना तथा प्रमुख परिचालन क्षेत्रों में पारस्परिक सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करना है।

इस दौरान एक व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम की योजना बनाई गई है, जिसमें समुद्र एवं बंदरगाह स्तर पर अभ्यास, तेल प्रदूषण प्रतिक्रिया अभ्यास, क्षति नियंत्रण (एनबीसीडी) और अग्निशमन अभ्यास शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, परिचालन समन्वय और तत्परता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विजिट, बोर्ड, सर्च एंड सीजर (वीबीसीसी) का संयुक्त प्रशिक्षण, नेविगेशन ब्रिज तथा मशीनरी कंट्रोल रूम (एमसीआर) के एकीकरण अभ्यास भी प्रशिक्षण गतिविधियों का हिस्सा होंगे।

परिचालन गतिविधियों के अतिरिक्त, बंदरगाह पर प्रवास के दौरान सौहार्दपूर्ण खेल प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य आपसी सद्भाव एवं सहयोग को प्रोत्साहित करना है। इसके साथ ही, चालक दल के सदस्य सामुदायिक सेवा गतिविधियों में भी सहभागिता करेंगे, जो भारत के रचनात्मक सहयोग और सद्भावना के दृष्टिकोण को प्रतिबिंबित करता है। यह दौरा आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को बढ़ावा देते हुए, भारत की स्वदेशी जहाज निर्माण क्षमताओं के प्रदर्शन का भी एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

आईसीजीएस संकल्प की यह यात्रा हिंद महासागर क्षेत्र में एक विश्वसनीय समुद्री भागीदार के रूप में भारत की भूमिका को और सुदृढ़ करती है तथा मॉरीशस के साथ द्विपक्षीय संबंधों को प्रगाढ़ बनाते हुए समुद्री सुरक्षा, क्षमता निर्माण और पर्यावरण संरक्षण के लिए भारतीय तटरक्षक बल की निरंतर प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से उजागर करती है।

आईसीजीएस संकल्प मॉरीशस की अपनी यात्रा पूर्ण करने के उपरांत, हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी निरंतर विदेशी तैनाती के तहत सेशेल्स के लिए प्रस्थान करेगा, जिससे प्रमुख द्वीपीय देशों के साथ भारत की समुद्री उपस्थिति एवं सहयोग को और अधिक विस्तार मिलेगा।

***

पीके/केसी/एनके


(रिलीज़ आईडी: 2215809) आगंतुक पटल : 51
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English