स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय
डॉ. एली महापात्रा एवं डॉ. निगहत हुसैन को एम्स गुवाहाटी एवं एम्स पटना की संस्थान निकाय का सदस्य नामित किया गया
प्रविष्टि तिथि:
14 JAN 2026 10:05PM by PIB Raipur
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर को यह बताते हुए हर्ष हो रहा है कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा दिनांक 30.12.2025 की पृथक राजपत्र अधिसूचनाओं के माध्यम से एम्स रायपुर के दो वरिष्ठ संकाय सदस्यों को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
डॉ. एली महापात्रा, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष (बायोकेमिस्ट्री) तथा डीन (अकादमिक्स), एम्स रायपुर को एम्स गुवाहाटी की संस्थान निकाय (Institute Body) का सदस्य नामित किया गया है, जबकि डॉ. निगहत हुसैन, प्रोफेसर, पैथोलॉजी विभाग एवं एसोसिएट डीन (अकादमिक्स), एम्स रायपुर को एम्स पटना की संस्थान निकाय का सदस्य नामित किया गया है।

संस्थान निकाय एक वैधानिक निकाय है, जो चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान, रोगी देखभाल एवं संस्थान की नीतियों से संबंधित समग्र नियमन, प्रबंधन तथा रणनीतिक दिशा-निर्देशन के लिए उत्तरदायी होती है। यह निकाय गवर्निंग बॉडी एवं वित्त समिति जैसी विशेष समितियों के साथ समन्वय करते हुए शैक्षणिक मानकों, वित्तीय प्रबंधन एवं चयन संबंधी कार्यों को दिशा प्रदान करती है।

डॉ. महापात्रा एवं डॉ. हुसैन का इस प्रतिष्ठित निकाय में नामांकन उनकी शैक्षणिक नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक दक्षता तथा चिकित्सा शिक्षा एवं संस्थागत विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता है। यह एम्स रायपुर के लिए अत्यंत गर्व का विषय है, जो संस्थान के संकाय की बढ़ती प्रतिष्ठा और विशेषज्ञता को दर्शाता है।
एम्स रायपुर को पूर्ण विश्वास है कि उनके अनुभव एवं दृष्टिकोण एम्स गुवाहाटी एवं एम्स पटना के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। एम्स रायपुर परिवार डॉ. एली महापात्रा एवं डॉ. निगहत हुसैन को इस विशिष्ट दायित्व के लिए हार्दिक बधाई देता है एवं उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करता है।
*********
(रिलीज़ आईडी: 2214765)
आगंतुक पटल : 44
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English